By Malay Ojha | Published: 17 October 2026 at 10:34 AM
बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। प्रशांत किशोर का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें वह मुख्यमंत्री पर तीखी टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने सम्राट चौधरी को लेकर कहा, “सातवीं फेल हैं, अनपढ़ हैं, अपराधी हैं, इससे ज्यादा कुछ नहीं, इससे कम कुछ नहीं। जो करना है, सो कर लो!”
सम्राट चौधरी पर टिप्पणी से गरमाई सियासत
प्रशांत किशोर का यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब उनके पिछले कथित बयान को लेकर बिहार की राजनीति में पहले से विवाद चल रहा है। नए वीडियो में उन्होंने अपने बयान पर कायम रहने की बात कही और आरोप लगाया कि उनके कहे बिना ही उनके नाम से दूसरी बातें जोड़ी जा रही हैं।
गोली मारने वाले सवाल पर भड़के प्रशांत किशोर
वीडियो में मीडियाकर्मी प्रशांत किशोर से सवाल करते हैं कि क्या उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को गोली मारने की बात कही थी। इस सवाल पर नाराजगी जताते हुए प्रशांत किशोर कहते हैं कि मीडिया उनके बयान को गलत तरीके से पेश कर रही है।
उन्होंने कहा, “जो बात हमने कही नहीं, वह मुंह में डालिए नहीं और जो बात हमने कही है, उस पर कायम हैं।” इसके बाद उन्होंने सम्राट चौधरी की शैक्षणिक योग्यता और आपराधिक छवि को लेकर तीखी टिप्पणी की।
पहले भी वायरल हुआ था प्रशांत किशोर का वीडियो
इससे पहले भी प्रशांत किशोर का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें वह कथित तौर पर कहते सुनाई दिए थे कि अगर किसी अपराधी को गोली मारनी है तो सम्राट चौधरी से बड़ा अपराधी कौन है। इस कथित बयान के बाद बीजेपी नेताओं ने प्रशांत किशोर की भाषा और उनके बयान पर सवाल उठाए थे।
बीजेपी ने जन सुराज पर साधा था निशाना
बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने भी प्रशांत किशोर की भाषा शैली की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि खुद को नई सोच का राजनीतिक चेहरा बताने वाले प्रशांत किशोर की भाषा आपत्तिजनक है। शर्मा ने तंज कसते हुए जन सुराज को ‘गन सुराज’ तक कह दिया था।
अब नए वीडियो के सामने आने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर प्रशांत किशोर की टिप्पणी फिर राजनीतिक चर्चा का विषय बन गई है। दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी से बिहार की सियासत में यह विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

