By Malay Ojha | Published: 17 October 2026 at 10:23 AM
तमिलनाडु में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष गौरीशंकर यादव के निधन से पार्टी में शोक की लहर है। उनके निधन पर राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने गहरा दुख जताया है। नेताओं ने इसे पार्टी के लिए बड़ी क्षति बताया और कहा कि गौरीशंकर यादव दक्षिण भारत में राजद को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहे थे।
दक्षिण भारत में पार्टी को मजबूत करने में जुटे थे गौरीशंकर यादव
राजद नेताओं ने कहा कि गौरीशंकर यादव समर्पित और संघर्षशील नेता थे। उन्होंने दक्षिण भारत में पार्टी के संगठन को मजबूत बनाने के अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 49 वर्ष की उम्र में उनके निधन से पार्टी ने एक ऐसे साथी को खो दिया है, जो संगठन के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत थे।
लालू-तेजस्वी समेत इन नेताओं ने जताया शोक
गौरीशंकर यादव के निधन पर शोक जताने वालों में सांसद डॉ. मीसा भारती, प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जगदानंद सिंह और उदय नारायण चौधरी, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री अली अशरफ फातमी शामिल हैं।
इसके अलावा डॉ. कांति सिंह, जयप्रकाश नारायण यादव, राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव और सैयद फैसल अली, राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता प्रो. मनोज कुमार झा, सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव, संजय यादव, सुधाकर सिंह, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार सिंह और राष्ट्रीय सचिव कार्तिकेय सिंह ने भी शोक संवेदना व्यक्त की।
पार्टी ने परिवार के प्रति जताई संवेदना
राजद के वरिष्ठ नेताओं अशोक कुमार सिंह, डॉ. तनवीर हसन, पूर्व मंत्री आलोक कुमार मेहता, इसराइल मंसूरी, कुमार सर्वजीत, शिवचंद्र राम, प्रदेश प्रधान महासचिव रणविजय साहू, विधान पार्षद कारी मो. शोहैब, नागेंद्र प्रसाद उर्फ रिंकू यादव, शक्ति सिंह यादव, एजाज अहमद और डॉ. उर्मिला ठाकुर समेत अन्य नेताओं ने भी उनके निधन पर दुख जताया।
पार्टी नेताओं ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में राष्ट्रीय जनता दल का पूरा परिवार उनके साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत नेता के परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

