By Malay Ojha | Published: 12 May 2026 at 05:15 PM
बिहार सरकार के ऊर्जा विभाग के सचिव और बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक के रूप में अजय यादव ने मंगलवार को पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के दौरान दक्षिण बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड और उत्तर बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार समेत विभाग और विद्युत कंपनियों के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद अजय यादव ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्य की बिजली आपूर्ति व्यवस्था, चल रही परियोजनाओं की प्रगति और उपभोक्ताओं से जुड़ी सेवाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए गए।
आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
अजय यादव ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता के अनुसार आम जनता की समस्याओं का तेजी और प्रभावी तरीके से समाधान किया जाएगा। उन्होंने जनसेवाओं को मजबूत करने, सार्वजनिक ढांचे के विकास और क्षेत्रीय कार्यों को ज्यादा प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया।
सूर्य घर और कुसुम योजना रहेंगी प्राथमिकता
ऊर्जा सचिव ने साफ किया कि राज्य में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना और प्रधानमंत्री कुसुम योजना को तेजी से जमीन पर उतारना विभाग की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को इन योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर का किया निरीक्षण
पदभार संभालने के बाद अजय यादव ने स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने बिजली प्रणाली के संचालन, रियल टाइम मॉनिटरिंग और ग्रिड प्रबंधन से जुड़े कामकाज की समीक्षा की। अधिकारियों से पूरी जानकारी लेने के बाद उन्होंने बिजली व्यवस्था को और सुचारु बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

