By Malay Ojha | Published: 27 August 2026 at 08:51 AM
दिल्ली में प्याज की बढ़ती कीमतों से परेशान लोगों को अब राहत मिलने वाली है। केंद्र सरकार गुरुवार से राजधानी में 35 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज बेचने जा रही है। केंद्रीय उपभोक्ता मामले और खाद्य मंत्री प्रह्लाद जोशी इसकी शुरुआत करेंगे। सरकार यह प्याज अपने बफर स्टॉक से बाजार में उतारेगी।
दिल्ली समेत कई शहरों में प्याज की खुदरा कीमत 55 से 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। कीमतों में अचानक आई तेजी को देखते हुए सरकार ने बफर स्टॉक से प्याज निकालकर सस्ती दर पर बेचने का फैसला किया है। इसका मकसद बाजार में प्याज की उपलब्धता बढ़ाकर बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाना है।
100 स्टोर और मोबाइल वैन से बिक्री
शुरुआत में एनसीसीएफ दिल्ली में केंद्रीय भंडार के करीब 100 स्टोर के माध्यम से प्याज बेचेगा। इसके अलावा 15 मोबाइल वैन भी लोगों तक प्याज पहुंचाएंगी। शुक्रवार से मोबाइल वैन की संख्या बढ़ाकर 40 करने की तैयारी है। मदर डेयरी के करीब 300 बिक्री केंद्रों से भी प्याज बेचने को लेकर बातचीत चल रही है।
इस साल 1.21 लाख टन का बफर स्टॉक
केंद्र सरकार ने वर्ष 2026 के लिए करीब 1.21 लाख टन प्याज का बफर स्टॉक तैयार किया है। इसमें एनसीसीएफ के पास लगभग 62 हजार टन प्याज है। वहीं नाफेड के पास 55 हजार टन से कम प्याज का भंडार मौजूद है। नाफेड दिल्ली के साथ कोच्चि और गुवाहाटी समेत दूसरे शहरों में भी रियायती दर पर प्याज बेचने की तैयारी में है।
नासिक से दिल्ली पहुंच रही ‘कांदा एक्सप्रेस’
प्याज की आपूर्ति बढ़ाने के लिए विशेष ट्रेन भी चलाई गई है। ‘कांदा एक्सप्रेस’ के नाम से चली पहली ट्रेन नासिक से करीब 800 टन प्याज लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुई है। इसके गुरुवार को राजधानी पहुंचने की उम्मीद है। इससे दिल्ली के बाजार में प्याज की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
अगस्त में प्याज की कीमत सबसे ज्यादा बढ़ी
प्याज की कीमतों में तेजी ऐसे समय आई है, जब कई जरूरी खाद्य वस्तुओं के दाम भी बढ़े हैं। भारतीय रिजर्व बैंक की अगस्त की रिपोर्ट के मुताबिक, सब्जियों में प्याज की कीमत में करीब 11 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके अलावा चावल, गेहूं, दाल और खाद्य तेलों के दाम में भी तेजी देखने को मिली है।
दूसरे शहरों में भी सस्ता प्याज बेचने की तैयारी
सरकार की योजना केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है। बफर स्टॉक का इस्तेमाल कर दूसरे शहरों में भी प्याज की बिक्री बढ़ाई जा सकती है। सरकार का मानना है कि बाजार में अतिरिक्त प्याज पहुंचने से आपूर्ति बेहतर होगी और खुदरा कीमतों पर दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

