By Malay Ojha | Published: 03 October 2026 at 03:28 PM
भोजपुरी अभिनेत्री संजना पांडेय अपनी फिल्म ‘भूतनी का बदला’ की शूटिंग के दौरान बड़े हादसे से बाल-बाल बच गईं। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बदलापुर में शूटिंग के दौरान एक सीन के लिए आग का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी दौरान तेज हवा चलने से आग अचानक बेकाबू हो गई और लपटें अभिनेत्री की तरफ बढ़ गईं।
बताया जा रहा है कि सीन के मुताबिक संजना को आग के बीच खड़े होकर शूटिंग करनी थी। शूटिंग शुरू होने के बाद हवा तेज हो गई और आग को संभालना मुश्किल हो गया। देखते ही देखते लपटें संजना के कपड़ों तक पहुंच गईं। कुछ ही सेकंड में सेट पर मौजूद क्रू को स्थिति संभालने के लिए दौड़ना पड़ा।
क्रू ने तुरंत बुझाई आग
आग को अभिनेत्री तक पहुंचता देख शूटिंग यूनिट के सदस्यों ने तुरंत मोर्चा संभाला। पानी डालकर आग बुझाई गई और संजना को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है। हादसे के बाद अभिनेत्री ने भी खुद के सुरक्षित होने की बात कही।
चुनौतीपूर्ण सीन की हो रही थी शूटिंग
‘भूतनी का बदला’ की शूटिंग के दौरान यह सीन फिल्म की कहानी के लिहाज से अहम बताया जा रहा है। फिल्म में रोमांच और रहस्य के साथ कई ऐसे दृश्य शामिल किए जा रहे हैं, जिनके लिए अलग तरह की शूटिंग करनी पड़ रही है।
फिल्म को लेकर संजना ने कही ये बात
संजना पांडेय के मुताबिक फिल्म में मनोरंजन के साथ रोमांच और रहस्य देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि पूरी टीम कहानी और किरदारों को बेहतर तरीके से पर्दे पर उतारने के लिए मेहनत कर रही है। शूटिंग के दौरान सामने आई इस घटना के बाद एक्ट्रेस सुरक्षित हैं और काम जारी रखने की तैयारी है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

