By Malay Ojha | Published: 28 August 2026 at 03:46 PM
हरिद्वार में रक्षाबंधन के मौके पर योग गुरु बाबा रामदेव ने अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत के साथ चल रहे हालिया विवाद को खत्म करने की पहल की है। रामदेव ने कंगना को अपनी बहन बताते हुए उनके लिए मिठाई और उपहार डाक से भेजे और कहा कि पुराने गिले-शिकवे भूलकर रिश्तों में मिठास बनाए रखनी चाहिए।
बाबा रामदेव ने कहा कि वह कंगना को रक्षाबंधन का उपहार और मिठाई भेज रहे हैं। उन्होंने देश में नफरत और एक-दूसरे के प्रति बैर की भावना नहीं रखने की बात कही। रामदेव ने यह भी कहा कि किसी विवाद को बातचीत के जरिए खत्म किया जाना चाहिए। उन्होंने कंगना को फोन कर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देने की बात भी कही।
रामदेव की पहल पर कंगना की ओर से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आई। कंगना ने उन्हें अपना बड़ा भाई बताते हुए कहा कि त्योहार का दिन पुरानी गलतियां और गिले-शिकवे भूलने का होता है। उन्होंने रामदेव की मिठाई और बड़े भाई का प्रेम स्वीकार करने की बात कही।
‘विवाद नहीं, संवाद’ का दिया संदेश
कंगना ने रामदेव के उस संदेश की भी तारीफ की, जिसमें उन्होंने विवाद को बातचीत के जरिए खत्म करने की बात कही थी। इस तरह कुछ दिन पहले एक-दूसरे पर तीखी टिप्पणी करने वाले दोनों के बीच रक्षाबंधन के दिन रिश्तों में नरमी आती दिखाई दी है।
‘जनरेशन गटर’ वाले बयान से शुरू हुआ था विवाद
दरअसल, दोनों के बीच विवाद कंगना रनौत की उस टिप्पणी के बाद शुरू हुआ था, जिसमें उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं को लेकर ‘जनरेशन गटर’ शब्द का इस्तेमाल किया था। कंगना की इस टिप्पणी पर बाबा रामदेव ने सार्वजनिक रूप से आपत्ति जताई थी और उनके बयान पर सवाल उठाए थे।
दोनों तरफ से हुई थी तीखी बयानबाजी
रामदेव की टिप्पणी के बाद कंगना ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें जवाब दिया था। इसके बाद मामला केवल एक बयान तक सीमित नहीं रहा और दोनों की ओर से तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कंगना ने रामदेव की टिप्पणी पर सवाल उठाते हुए उनके पुराने विवादों का भी जिक्र किया था।
रक्षाबंधन पर बदला विवाद का रंग
अब रक्षाबंधन के मौके पर रामदेव की ओर से मिठाई और उपहार भेजे जाने तथा कंगना द्वारा उन्हें बड़े भाई के तौर पर स्वीकार किए जाने से विवाद का रुख बदल गया है। दोनों की ओर से सामने आए संदेश में पुराने मतभेद पीछे छोड़कर बातचीत और रिश्तों को महत्व देने की बात दिखाई दे रही है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

