By Malay Ojha | Published: 04 October 2026 at 03:06 PM
भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए रविवार को दो उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया। पार्टी ने पश्चिम बंगाल से अभिनेत्री और पूर्व तृणमूल कांग्रेस सांसद रुक्मिणी मल्लिक यानी कोयल मल्लिक को उम्मीदवार बनाया है। वहीं उत्तराखंड से दिनेश आर्य को राज्यसभा का टिकट दिया गया है।
TMC छोड़कर BJP में आईं कोयल को मिला टिकट
कोयल मल्लिक का नाम इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि वह कुछ महीने पहले तक तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा सांसद थीं। उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। अब बीजेपी ने उसी खाली हुई सीट पर होने वाले उपचुनाव में उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया है।
संसद पहुंचने के कुछ ही समय बाद दिया था इस्तीफा
कोयल मल्लिक ने अप्रैल में राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ ली थी। इसके बाद जुलाई में उन्होंने सदन की सदस्यता छोड़ दी। रिपोर्टों के मुताबिक, इस दौरान उन्होंने संसद के किसी सत्र में हिस्सा नहीं लिया। राजनीति में आने से पहले कोयल मल्लिक बंगाली फिल्मों की चर्चित अभिनेत्री रही हैं।
उत्तराखंड से दिनेश आर्य पर भरोसा
बीजेपी ने उत्तराखंड की सीट के लिए दिनेश आर्य को चुना है। आर्य पार्टी संगठन में सक्रिय रहे हैं और नैनीताल जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। फिलहाल वह उत्तराखंड सरकार में दर्जाप्राप्त राज्यमंत्री हैं और राज्यस्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
विधानसभा चुनाव से पहले अहम फैसला
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच दिनेश आर्य को राज्यसभा का टिकट मिलना पार्टी के लिए महत्वपूर्ण फैसला माना जा रहा है। इससे पहले उनके विधानसभा चुनाव का टिकट नहीं मिलने को लेकर नाराजगी की चर्चा थी। अब बीजेपी ने उन्हें राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाकर बड़ा मौका दिया है।
16 अक्टूबर को होगी वोटिंग
राज्यसभा चुनाव के तहत उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की एक सीट पर द्विवार्षिक चुनाव होंगे। इसके अलावा पश्चिम बंगाल की एक सीट पर उपचुनाव होगा। इन सभी सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान और मतगणना होगी। नामांकन की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर है।
यूपी की 10 सीटों पर भी मुकाबला
उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों में से आठ फिलहाल बीजेपी के पास हैं। इन सीटों पर कई मौजूदा सांसदों का कार्यकाल नवंबर में पूरा हो रहा है। इसके अलावा पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के इस्तीफे से खाली हुई सीट भी चुनाव प्रक्रिया में शामिल है।
बीजेपी जल्द घोषित कर सकती है बाकी नाम
बीजेपी ने फिलहाल उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल के लिए दो नाम घोषित किए हैं। उत्तर प्रदेश समेत बाकी सीटों के लिए पार्टी की ओर से उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया जाना बाकी है। 16 अक्टूबर के चुनाव के बाद तीन राज्यों में राज्यसभा के समीकरण में बदलाव देखने को मिलेगा।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

