By Malay Ojha | Published: 05 October 2026 at 10:05 PM
बहुजन समाज पार्टी (BSP) में आकाश आनंद की एक बार फिर वापसी हो गई है। पार्टी प्रमुख मायावती ने उन्हें दोबारा राष्ट्रीय संयोजक (National Convener) की जिम्मेदारी सौंपी है। सितंबर 2026 में मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी की सभी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया था। इसके बाद उनके छोटे भाई ईशान आनंद को राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया था।
मायावती ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि पार्टी और बहुजन आंदोलन के हित में काफी सोच-विचार के बाद आकाश आनंद को फिर से राष्ट्रीय संयोजक बनाकर काम करने का मौका दिया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे पार्टी में सब कुछ ठीक तरीके से चलेगा और संगठन में बार-बार बदलाव की जरूरत नहीं पड़ेगी।
आकाश ने मांगी थी वापसी
आकाश आनंद ने 2 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सार्वजनिक रूप से मायावती से माफी मांगी थी। उन्होंने पार्टी में दोबारा काम करने का मौका देने की अपील करते हुए मायावती को अपना राजनीतिक गुरु बताया था। आकाश ने कहा था कि BSP उनके लिए सिर्फ राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि परिवार है।
ईशान आनंद ने भी दी सहमति
मायावती के मुताबिक, पार्टी के ज्यादातर लोगों ने आकाश आनंद के अनुरोध को स्वीकार करने और उन्हें पहले वाली जिम्मेदारियों के साथ दोबारा काम करने का मौका देने की राय दी। उनके पिता आनंद कुमार और छोटे भाई ईशान आनंद ने भी इस फैसले पर सहमति जताई।
ईशान ने कही पद छोड़कर काम करने की बात
मायावती ने बताया कि ईशान आनंद ने पार्टी में बिना किसी पद के भी काम करने की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा है कि मायावती के निर्देशन में उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे वह पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगे।
अशोक सिद्धार्थ का भी जिक्र
मायावती ने अपने बयान में आकाश आनंद के ससुर और पार्टी के पूर्व नेता अशोक सिद्धार्थ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आकाश की कार्यशैली को लेकर पिछले दिनों कुछ ऐसे कारण रहे, जिनकी वजह से संगठन में कई बदलाव करने पड़े। बाद में अशोक सिद्धार्थ को राजनीति से संन्यास लेना पड़ा।
अनुशासन पर मायावती का जोर
मायावती ने कहा कि पार्टी में अनुशासन बनाए रखने के लिए उन्होंने समय-समय पर सख्त फैसले लिए हैं। उन्होंने साफ किया कि उनके अपने भाई-बहन और परिवार के लोग भी इन फैसलों से कभी अलग नहीं रहे हैं। उनके मुताबिक, बहुजन समाज ही उनका सबसे बड़ा परिवार है और उसका हित हमेशा उनकी प्राथमिकता रहेगा।
अब आकाश के प्रदर्शन पर नजर
आकाश आनंद को फिर से राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी मिलने के बाद अब उनकी राजनीतिक भूमिका पर नजर रहेगी। मायावती ने भी संकेत दिया है कि आगे पार्टी संगठन में स्थिरता काफी हद तक आकाश आनंद के कामकाज और उनकी कार्यशैली पर निर्भर करेगी।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

