By Malay Ojha | Published: 06 October 2026 at 10:08 PM
नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के विरोध में दिल्ली में मंगलवार को बड़ा सियासी हंगामा हुआ। करीब नौ घंटे तक आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के कई नेताओं को दिल्ली पुलिस ने शाम को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बसों में बैठाकर नई दिल्ली पुलिस लाइन, किंग्सवे कैंप ले जाने की कार्रवाई की।
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी दोपहर में आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंचे थे। पुलिस ने उन्हें निर्वाचन आयोग की तरफ आगे बढ़ने से रोक दिया था। इसके बाद दोनों नेता और उनके साथ मौजूद अन्य विपक्षी नेता परिसर में ही धरने पर बैठ गए। पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारियों से जगह खाली करने की अपील की गई, लेकिन धरना जारी रहा।
शाम होते ही पुलिस ने हिरासत में लिया
करीब नौ घंटे बाद दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाने की कार्रवाई शुरू की। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी के अलावा कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया। कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा, केसी वेणुगोपाल और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग समेत कई नेताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।
संसद से शुरू हुआ था मार्च
इससे पहले INDIA ब्लॉक के सांसदों ने संसद परिसर से निर्वाचन आयोग के कार्यालय तक मार्च निकाला था। पुलिस ने संसद मार्ग के पास उन्हें रोक दिया। इसके बाद विपक्षी सांसदों ने वहीं धरना शुरू कर दिया। राहुल गांधी बैरिकेड पर भी चढ़े और इसके बाद वह प्रियंका गांधी समेत कुछ नेताओं के साथ आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंच गए।
विपक्ष की तीन बड़ी मांगें
विपक्षी दलों का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर चुनाव आयोग को जवाब देना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, SIR को रद्द करने और कथित तौर पर मतदाता सूची से हटाए गए नामों को बहाल करने की मांग उठाई।
चुनाव आयोग से मुलाकात की मांग
विपक्षी सांसद चुनाव आयुक्तों से मुलाकात की मांग को लेकर निर्वाचन आयोग के कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे। हालांकि, पुलिस ने उन्हें आगे जाने की अनुमति नहीं दी। इसी के बाद विरोध प्रदर्शन ने धरने का रूप ले लिया और दिनभर दिल्ली में सियासी माहौल गरम रहा।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

