By Malay Ojha | Published: 28 November 2026 at 02:36 PM
बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई रद्द होने के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार के उस संशोधन को असंवैधानिक करार दिया है, जिसके आधार पर आनंद मोहन की जेल से रिहाई का रास्ता खुला था। शीर्ष अदालत ने उनकी रिहाई का आदेश भी रद्द कर दिया है और एक महीने के भीतर जेल प्रशासन के सामने सरेंडर करने का निर्देश दिया है।
चेतन आनंद ने पटना में बुलाई आपात बैठक
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद आनंद मोहन के बेटे और जदयू विधायक चेतन आनंद ने पटना के गर्दनीबाग स्थित अपने आवास पर आपात बैठक बुलाई है। 28 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे प्रस्तावित इस बैठक में बिहार के अलग-अलग हिस्सों से समर्थकों, प्रमुख लोगों और युवाओं को बुलाया गया है। बैठक में आगे की रणनीति पर चर्चा होनी है।
फैसले से नाराज चेतन आनंद ने उठाए सवाल
चेतन आनंद ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर नाराजगी जताते हुए कहा है कि उनके पिता की रिहाई केवल जेल मैनुअल में बदलाव का लाभ मिलने से हुई थी। उसी संशोधन के बाद कई अन्य कैदी भी जेल से बाहर आए थे। ऐसे में उनका सवाल है कि क्या केवल आनंद मोहन को ही दोबारा जेल जाना होगा या फिर उस संशोधन का लाभ पाने वाले दूसरे कैदियों के मामलों पर भी असर पड़ेगा?
कानूनी टीम से सलाह ले रहा परिवार
चेतन आनंद के मुताबिक, परिवार पूरे फैसले और उसके कानूनी पहलुओं को समझने के लिए अपनी लीगल टीम से सलाह ले रहा है। परिवार यह जानना चाहता है कि सुप्रीम कोर्ट ने किन आधारों पर रिहाई के आदेश को रद्द किया है। बैठक में कानूनी विकल्पों के साथ आगे की रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी।
27 अप्रैल 2023 को जेल से बाहर आए थे आनंद मोहन
आनंद मोहन गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे थे। करीब 14 साल जेल में रहने के बाद 2023 में बिहार सरकार के जेल मैनुअल में बदलाव के बाद उन्हें समय से पहले रिहाई मिली थी। 10 अप्रैल 2023 को किए गए संशोधन में ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी की हत्या के दोषियों को समयपूर्व रिहाई से रोकने वाला प्रावधान हटा दिया गया था।
इस बदलाव के बाद आनंद मोहन समेत 27 कैदियों की रिहाई का रास्ता खुला था। आनंद मोहन 27 अप्रैल 2023 को सहरसा जेल से बाहर आए थे।
क्या था जी. कृष्णैया हत्याकांड?
5 दिसंबर 1994 को मुजफ्फरपुर में एक भीड़ ने गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में आनंद मोहन पर भीड़ को उकसाने का आरोप साबित हुआ था। अक्टूबर 2007 में निचली अदालत ने उन्हें फांसी की सजा सुनाई थी। दिसंबर 2008 में पटना हाईकोर्ट ने इस सजा को उम्रकैद में बदल दिया था। जुलाई 2012 में सुप्रीम कोर्ट ने भी उनकी दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा को बरकरार रखा था।
सुप्रीम कोर्ट ने क्यों रद्द की रिहाई?
26 नवंबर 2026 को जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई के आदेश को रद्द कर दिया। अदालत ने कहा कि बिहार सरकार ने जेल मैनुअल में जो बदलाव किया था, उसके पीछे कोई ठोस और उचित आधार नहीं दिखाया गया। रिहाई की प्रक्रिया में भी जरूरी कानूनी नियमों का पालन नहीं हुआ था।
सुप्रीम कोर्ट ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर करने का निर्देश दिया है। हालांकि, अदालत ने यह रास्ता भी खुला रखा है कि सरेंडर के बाद कानून के मुताबिक उनकी समयपूर्व रिहाई पर नए सिरे से विचार किया जा सकता है। अब सबकी नजर चेतन आनंद की बैठक और परिवार की अगली कानूनी रणनीति पर है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

