By Malay Ojha | Published: 17 November 2026 at 11:12 AM
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस आदेश को बरकरार रखा है, जिसमें आजम खान की दोषसिद्धि और सजा पर रोक लगाई गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार की याचिका खारिज कर दी है। इतना ही नहीं, अदालत ने आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम को भी राहत देते हुए उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगा दी है।
पत्नी और बेटे को भी मिली राहत
सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से आजम खान के परिवार को बड़ी कानूनी राहत मिली है। इससे पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मई 2024 में आजम खान की दोषसिद्धि और सजा पर रोक लगा दी थी, लेकिन उनकी पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम को ऐसी राहत देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद तीनों पक्षों ने अलग-अलग याचिकाओं के जरिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था।
सात-सात साल की सुनाई गई थी सजा
यह पूरा मामला अब्दुल्ला आजम के दो अलग-अलग जन्म प्रमाण पत्र बनवाने से जुड़ा है। रामपुर की निचली अदालत ने इस मामले में आजम खान, उनकी पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम को दोषी करार देते हुए सात-सात साल की सजा सुनाई थी। आरोप था कि अब्दुल्ला आजम के लिए दो जन्म प्रमाण पत्र जारी कराए गए थे। इनमें एक प्रमाण पत्र में उनका जन्म रामपुर और दूसरे में लखनऊ में होना दर्ज था। आरोपों के मुताबिक, इन दस्तावेजों का इस्तेमाल चुनावी लाभ लेने के लिए किया गया था।
यूपी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दी थी चुनौती
इलाहाबाद हाईकोर्ट से आजम खान को मिली राहत के खिलाफ उत्तर प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। वहीं, तंजीन फातिमा और अब्दुल्ला आजम ने हाईकोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगाने से इनकार कर दिया गया था। अब सुप्रीम कोर्ट ने सरकार की याचिका खारिज करते हुए तीनों को राहत दे दी है।
अभी खत्म नहीं हुआ है मामला
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले को मामले में अंतिम फैसला नहीं माना जा सकता। अदालत का आदेश फिलहाल इन अपीलों तक सीमित है। फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले से जुड़ी मुख्य अपीलें अभी इलाहाबाद हाईकोर्ट में लंबित हैं। ऐसे में मामले की कानूनी लड़ाई जारी रहेगी और अंतिम फैसला हाईकोर्ट में सुनवाई के बाद ही आएगा।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

