By aryavartalive | Published: 11 July 2026 at 05:26 PM
बिहार के बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। चुनावी माहौल गरमाने के साथ ही नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष धनंजय कुमार सिन्हा ने भारतीय जनता पार्टी और जन सुराज पर जोरदार हमला बोला है।
उम्मीदवार बदलने पर शुरू हुआ विवाद
दरअसल, शुक्रवार को भाजपा उम्मीदवार अभिषेक कुमार बंटी ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपना नामांकन वापस लेने की घोषणा कर दी। इसके बाद भाजपा ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए नीरज कुमार सिन्हा को अपना नया उम्मीदवार घोषित कर दिया। उम्मीदवार बदलने के इस फैसले को लेकर अब राजनीतिक विवाद भी गहराता जा रहा है।
भाजपा पर अमानवीय व्यवहार का आरोप
धनंजय कुमार सिन्हा ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने अभिषेक कुमार बंटी के साथ अमानवीय व्यवहार किया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह सोशल मीडिया पर यह खबर चल रही है कि अभिषेक के माता-पिता घोटाले के आरोपी हैं, यदि इसी आधार पर उनका टिकट काटा गया है तो यह पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।
माता-पिता की गलती की सजा बेटे को क्यों?
उन्होंने कहा कि विचारधारा के मामले में वे भाजपा की विचारधारा के खिलाफ हैं, लेकिन किसी के माता-पिता की गलती की सजा उसके पुत्र को देना अमानवीय, असंवेदनशील एवं सामंती मानसिकता का परिचायक है। उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी में ऐसा हो, सोशलिस्ट पार्टी ऐसी सामंती सोच का विरोध करती है।
जन सुराज पर भी साधा निशाना
उन्होंने इस मामले में प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जन सुराज के लोग यह श्रेय ले रहे हैं कि भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार बंटी उनके डर से मैदान से हटे, अन्यथा प्रशांत किशोर अन्य नेताओं की तरह अभिषेक के माता-पिता की भी पोल खोल देते। यदि यह सच है तो जन सुराज के लोग खुद अपनी अमानवीयता और सामंती सोच स्वीकार कर रहे हैं।
फिल्मी उदाहरण देकर किया भाजपा और जन सुराज पर हमला
उन्होंने कहा कि इस श्रेय को लेकर वे खुद स्वीकार कर रहे हैं कि अगले कुछ दिनों में वे भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार बंटी के हाथ पर “मेरा बाप चोर है” उकेरने की तैयारी में थे। धनंजय कुमार सिन्हा ने कहा कि हमारे देश और संविधान में माता-पिता के दोष के लिए बेटे-बेटियों को सजा नहीं दी जा सकती। जो लोग ऐसा करते हैं या ऐसी मंशा रखते हैं, वे दिमागी तौर पर सामंती सोच रखते हैं।
उन्होंने एक फिल्म का जिक्र करते हुए अभिषेक की तुलना उस बच्चे से की, जिसके हाथ पर कुछ लोगों ने “मेरा बाप चोर है” लिख दिया था। धनंजय ने कहा कि भाजपा के नेताओं और जन सुराज के उन नेताओं ने, जो इस पूरे घटनाक्रम का श्रेय ले रहे हैं, मिलकर युवा भाजपा नेता के हाथ पर “मेरा बाप चोर है” जैसी बात उकेरने का प्रयास किया है। सोशलिस्ट पार्टी इसे अभिषेक कुमार बंटी के साथ अन्याय मानती है और इसका विरोध करती है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

