
By aryavartalive | Published: 06 July 2026 at 09:22 PM
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) ने अपने उम्मीदवार की घोषणा ऐसे तरीके से की है, जिसकी चर्चा अब राजनीतिक गलियारों में भी होने लगी है। पार्टी ने किसी एक नेता या शीर्ष नेतृत्व के फैसले से नहीं, बल्कि 302 पार्टी सदस्यों के गोपनीय मतदान के आधार पर उम्मीदवार तय किया। इस प्रक्रिया में युवा ग्रेजुएट कॉकरोच नवीन कुमार तिवारी को 270 मत मिले और उन्हें पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया गया। राजनीतिक जानकार इसे पार्टी के भीतर आंतरिक लोकतंत्र का बड़ा उदाहरण मान रहे हैं।
जन सुराज से लेकर एनडीए और इंडिया गठबंधन पर सोशलिस्ट पार्टी का सीधा हमला
सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के प्रदेश उपाध्यक्ष विनय कुमार झा ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में गोपनीय वोटिंग एवं उसकी पारदर्शी गिनती के माध्यम से चयनित ऑटोचालक नवीन तिवारी ने जो साहस दिखाया है, वह साहस प्रशांत किशोर भी नहीं दिखा सके।
उन्होंने कहा कि सोशलिस्ट पार्टी द्वारा “लोकतंत्र के प्रयोग” अभियान की घोषणा के बाद प्रशांत किशोर ने दो-चार बार यह कहने का साहस तो किया कि बापू सभागार में सभी जनसुराजियों को जुटाकर प्रत्याशी तय किया जायेगा, पर ऐसा करने के मामले में वे डर गये। उन्हें शंका थी कि अगर पार्टी के अन्य आवेदकों के साथ उनकी प्रतियोगिता हो गई तो वे कहीं पिछड़ न जायें। इसलिए उन्होंने यह जोखिम लेने के बजाय प्रदेश कार्यकारिणी से ही खुद को चुने जाने को प्राथमिकता दी और खुद उम्मीदवार बन गये।
विनय झा ने कहा कि जब प्रशांत किशोर को खुद की पार्टी के सदस्यों के द्वारा चुने जाने को लेकर संशय है तो बांकीपुर की जनता उन्हें क्या चुनेगी ? हार का भय तो उन्हें हर पल सता रहा है। उन्होंने कहा कि सिर्फ प्रशांत किशोर ही नहीं, इंडिया और एनडीए जैसे बड़े गठबंधन भी ऐसा करने का साहस नहीं जुटा पाए।
‘प्रशांत किशोर नहीं कर पाए, हमने करके दिखाया’
उन्होंने कहा कि सोशलिस्ट पार्टी के उम्मीदवार नवीन कुमार तिवारी किसी एक नेता की पसंद या शीर्ष नेतृत्व के फैसले से नहीं, बल्कि पार्टी के 302 सदस्यों के सीधे मतदान से चुने गए हैं, और यह कदम आगे चलकर सभी पार्टियों को आंतरिक लोकतंत्र की व्यवस्था बनाने के लिए प्रेरित करेगा और दवाब भी बनायेगा जिसके फलस्वरूप अंततः पूरे देश और दुनिया में लोकतंत्र को मजबूती मिलेगी।
विदित हो कि नवीन कुमार तिवारी एक युवा ग्रेजुएट हैं, जो ऑटो चलाकर अपनी आजीविका कमाते हैं। आम लोगों के बीच रहने और उनकी समस्याओं से सीधे जुड़ाव के कारण इलाके में उनकी अलग पहचान बनी है। स्थानीय लोग उन्हें “युवा ग्रेजुएट कॉकरोच” के नाम से जानते हैं। अब वही नवीन कुमार तिवारी राजनीति के मैदान में भी अपनी किस्मत आजमाने उतरे हैं। सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) ने उन्हें बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का उम्मीदवार बनाया है। पार्टी का कहना है कि एक सामान्य परिवार से आने वाले और मेहनत के दम पर अपनी पहचान बनाने वाले नवीन कुमार तिवारी को संगठन के 302 सदस्यों ने मतदान के जरिए उम्मीदवार चुना। इस प्रकार उन्हें अधिकांश पार्टी सदस्यों का समर्थन प्राप्त है।
302 सदस्यों ने डाले वोट, नवीन कुमार तिवारी को मिले 270 मत
पार्टी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक कुल 302 सदस्यों ने मतदान में हिस्सा लिया। मतदान के बाद हुई मतगणना में नवीन कुमार तिवारी को सबसे अधिक 270 वोट मिले। इसके साथ ही उन्हें बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी का आधिकारिक उम्मीदवार घोषित कर दिया गया। प्रत्याशी चयन के लिए पार्टी के इस आंतरिक मतदान से लेकर मतगणना तक की गतिविधियों का पार्टी के सोशल मीडिया पेज सहित अन्य कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव प्रसारण किया गया।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें
