By लाइव आर्यावर्त टीम | Published: 28 May 2026 at 03:31 PM
बिहार में विधान परिषद की 10 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इनमें 9 सीटों पर नियमित चुनाव होना है, जबकि एक सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद अब सबसे ज्यादा चर्चा एनडीए के भीतर सीट बंटवारे और संभावित उम्मीदवारों को लेकर हो रही है।
सूत्रों के मुताबिक, एनडीए में जनता दल यूनाइटेड और भारतीय जनता पार्टी को चार-चार सीटें मिल सकती हैं। वहीं लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास को एक सीट दिए जाने की संभावना है। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी अपने हिस्से से एक सीट राष्ट्रीय लोक मोर्चा को दे सकती है।
संख्या बल के आधार पर एनडीए मजबूत स्थिति में
विधानसभा में विधायकों की मौजूदा संख्या को देखते हुए एनडीए की 10 में से 9 सीटों पर जीत लगभग तय मानी जा रही है। महागठबंधन की ओर से राष्ट्रीय जनता दल एक सीट पर उम्मीदवार उतार सकती है और उसी सीट पर मुकाबला होने की संभावना है। यदि एनडीए और विपक्ष तय संख्या में ही उम्मीदवार उतारते हैं तो मतदान की नौबत भी नहीं आ सकती।
एक सदस्य को जीतने के लिए चाहिए इतने विधायक
243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में विधान परिषद के एक सदस्य को निर्वाचित कराने के लिए कम से कम 25 विधायकों के समर्थन की जरूरत होती है। यही वजह है कि संख्या बल के हिसाब से एनडीए इस चुनाव में काफी मजबूत स्थिति में दिखाई दे रहा है।
जदयू से कई बड़े नाम चर्चा में
जनता दल यूनाइटेड की ओर से कई संभावित नामों पर चर्चा चल रही है। सूत्रों के अनुसार निशांत कुमार का नाम लगभग तय माना जा रहा है। इसके अलावा ललन मंडल, राजीव कुमार सिंह और भीष्म साहनी भी टिकट की दौड़ में शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं गुलाम गौस और गुलाम रसूल बलियावी के नामों पर भी पार्टी विचार कर सकती है।
भाजपा और सहयोगी दलों में भी टिकट को लेकर हलचल
राष्ट्रीय लोक मोर्चा की ओर से दीपक प्रकाश का नाम लगभग तय माना जा रहा है। लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास की तरफ से चिराग पासवान के भांजे सीमांत मृणाल को उम्मीदवार बनाया जा सकता है। भारतीय जनता पार्टी की ओर से संजय मयूख का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। इसके अलावा प्रेम रंजन पटेल, सिद्धार्थ शंभू, राजेंद्र सिंह, अमृता भूषण और भीम साहू भी दावेदारों की सूची में शामिल हैं।
राष्ट्रीय जनता दल से कौन हो सकता है उम्मीदवार
महागठबंधन की ओर से राष्ट्रीय जनता दल एक सीट पर चुनाव लड़ सकती है। पार्टी की ओर से सुनील सिंह का नाम सबसे मजबूत माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि दल जातीय और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए अंतिम उम्मीदवारों की घोषणा करेंगे।
किन दलों के पास अभी कितनी सीटें
जिन 10 सीटों पर चुनाव होना है, उनमें फिलहाल जनता दल यूनाइटेड के पास 5 सीटें हैं। भारतीय जनता पार्टी के पास 2 सीटें, राष्ट्रीय जनता दल के पास 2 सीटें और कांग्रेस के पास 1 सीट है। ऐसे में इस चुनाव के बाद विधान परिषद का राजनीतिक समीकरण भी बदल सकता है।
चुनाव कार्यक्रम भी हुआ घोषित
28 जून को विधान परिषद की 9 सीटें खाली हो रही हैं। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 8 जून निर्धारित की गई है। मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा और उसी दिन मतगणना के बाद परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे।
किन नेताओं की सीटें हो रही हैं खाली
जनता दल यूनाइटेड से नीतीश कुमार, डॉ. कुमुद वर्मा, प्रोफेसर गुलाम गौस, भीष्म साहनी और भगवान सिंह कुशवाहा की सीटें खाली हो रही हैं। भारतीय जनता पार्टी से सम्राट चौधरी और संजय प्रकाश की सीटें रिक्त होंगी। वहीं राष्ट्रीय जनता दल से सुनील कुमार सिंह और मोहम्मद फारूक, जबकि कांग्रेस से समीर कुमार सिंह का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।

