By Malay Ojha | Published: 25 September 2026 at 06:46 PM
वाराणसी के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शुक्रवार को छात्रों ने स्वच्छता के साथ समाजसेवा का संदेश दिया। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) और राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) की ओर से आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत विश्वविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों, कैडेट्स और विद्यार्थियों ने अंगदान करने का संकल्प भी लिया।
पंत प्रशासनिक भवन के सामने जुटे विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय परिसर में साफ-सफाई की। उन्होंने आसपास के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए साफ-सफाई को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छ भारत और स्वच्छता ही सेवा है जैसे संदेशों के साथ लोगों को जागरूक किया।
छात्रों ने अंगदान का लिया संकल्प
स्वच्छता अभियान के बाद विद्यार्थियों ने अंगदान को लेकर जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। प्रतिभागियों ने भविष्य में अंगदान करने और अपने परिवार के साथ-साथ अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली। कार्यक्रम में अंगदान को महादान बताते हुए इसके प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
NSS और NCC की रही संयुक्त भूमिका
यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना और राष्ट्रीय कैडेट कोर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य छात्रों को सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ना और समाजहित से जुड़े कार्यों के प्रति उनकी भागीदारी बढ़ाना रहा।
विश्वविद्यालय के अधिकारी और शिक्षक रहे मौजूद
कार्यक्रम में वाणिज्य एवं प्रबंधशास्त्र अध्ययन संकायाध्यक्ष प्रो. सुधीर कुमार शुक्ल, नोडल अधिकारी प्रो. राजेश कुमार मिश्रा, कार्यक्रम संयोजक प्रो. राकेश कुमार तिवारी, प्रो. रामाकांत सिंह, NSS समन्वयक डॉ. राहुल गुप्ता और NCC अधिकारी लेफ्टिनेंट आयुष कुमार समेत कई शिक्षक और अधिकारी मौजूद रहे। साकेत पीजी कॉलेज अयोध्या के प्राचार्य प्रो. दानपति तिवारी सहित अन्य शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

