By Malay Ojha | Published: 10 November 2026 at 05:14 PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरे को लेकर एनडीए ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वैशाली के राजापाकर में होने वाले बड़े कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मंगलवार को पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में एनडीए की संयुक्त बैठक हुई। इसमें भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हम और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में कार्यक्रम को भव्य बनाने के साथ ही गठबंधन की एकजुटता दिखाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
प्रखंड से विधानसभा स्तर तक होंगी बैठकें
बैठक में तय किया गया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर 11, 12 और 13 नवंबर को प्रखंड स्तर पर तथा 17 और 18 नवंबर को विधानसभा स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों के जरिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की कोशिश होगी।
गठबंधन में एकजुटता को लेकर दिया संदेश
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बिहार प्रभारी हरीश द्विवेदी ने कहा कि एनडीए की संयुक्त बैठक उन लोगों के लिए स्पष्ट संदेश है, जो गठबंधन में मतभेद और टूट की अफवाहें फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए पूरी एकजुटता के साथ आगे बढ़ रहा है। सभी घटक दल सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
वैशाली में विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे पीएम मोदी
हरीश द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को वैशाली के राजापाकर पहुंचेंगे। यहां करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सुशासन और विकास की नींव मजबूत हुई है। अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य को विकास की नई दिशा देने का काम हो रहा है। केंद्र सरकार भी बिहार के समग्र विकास में पूरा सहयोग कर रही है।
सिर्फ भीड़ जुटाना नहीं, सरकार के काम भी बताएं
भाजपा बिहार प्रभारी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि किसी नेता का स्वागत केवल सभा में भीड़ जुटाने तक सीमित नहीं होना चाहिए। सरकार के विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचानी जरूरी है। उन्होंने नीतीश कुमार के कार्यकाल की उपलब्धियों, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में हो रहे काम और केंद्र सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की। इसके लिए सोशल मीडिया, समाचार पत्र, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और आपसी संवाद का सहारा लेने को कहा।
1200 एकड़ से अधिक क्षेत्र में होगा कार्यक्रम
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि एनडीए सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड स्थित जाफरपट्टी के औद्योगिक एस्टेट में विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह औद्योगिक क्षेत्र 1200 एकड़ से अधिक में फैला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बिहार आने का आग्रह स्वीकार किया है। एनडीए के सभी घटक दल मिलकर इस आयोजन को भव्य बनाएंगे।
बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन भी प्रस्तावित
संजय सरावगी ने कहा कि नवंबर 2005 में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनने के बाद बिहार में आधारभूत ढांचे, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े बदलाव हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सहयोग से डबल इंजन की सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन भी प्रस्तावित है। यह पुल आगे आमस-दरभंगा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे कॉरिडोर से जुड़कर उत्तर बिहार और मिथिला की कनेक्टिविटी को मजबूती देगा।
चुनावी वादों और सरकार के काम को जनता तक पहुंचाने की अपील
भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं बिहार के सह-प्रभारी रोहन गुप्ता ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में एनडीए कार्यकर्ताओं ने हर विधानसभा क्षेत्र और बूथ तक पहुंचकर जनता से समर्थन मांगा था। जनता ने गठबंधन को अपना आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, सुरक्षा, सड़क और सुशासन को लेकर किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। कार्यकर्ताओं को एक बार फिर जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देनी चाहिए। एनडीए केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि लगातार जनता के बीच काम करने वाला गठबंधन है।
श्रवण कुमार बोले- प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में जुटें कार्यकर्ता
जदयू के वरिष्ठ नेता और मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार कई गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा था। नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य को उस दौर से बाहर निकालकर विकास की राह पर आगे बढ़ाया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की। साथ ही उम्मीद जताई कि बिहार की जनता और कार्यकर्ताओं की भागीदारी देखकर प्रधानमंत्री राज्य के लिए नई योजनाओं की घोषणा करेंगे।
सहयोगी दलों ने भी तैयारियों में जुटने का किया ऐलान
हम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि एनडीए की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता और साझा विकास का संकल्प है। वैशाली का कार्यक्रम बिहार के औद्योगिक विकास और संभावनाओं को नई पहचान देगा। वहीं, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने कहा कि प्रधानमंत्री का बिहार आगमन राज्य के लिए गौरव की बात है। पार्टी कार्यकर्ता गांव और प्रखंड स्तर पर लोगों को कार्यक्रम से जोड़ेंगे।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सुभाष सिंह चंद्रवंशी ने भी एनडीए के घटक दलों के बीच बेहतर समन्वय की बात कही। उन्होंने कहा कि वैशाली में होने वाला आयोजन बिहार के औद्योगिक विकास और युवाओं के रोजगार के नए अवसरों का संदेश देगा। उनकी पार्टी के कार्यकर्ता भी कार्यक्रम को सफल बनाने में पूरी ताकत लगाएंगे।
बैठक में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस संयुक्त बैठक में बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार और रामकृपाल यादव, सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार गांधी, विधायक संजीव चौरसिया, विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार समेत एनडीए के विभिन्न घटक दलों के विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

