By Malay Ojha | Published: 26 August 2026 at 09:37 PM
राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने फुलवारी शरीफ स्थित खानकाह मुजीबिया में उर्स के मौके पर हजरत पीर मुजीबुल्लाह कादरी के मजार पर चादरपोशी की। उन्होंने बिहार और देश की तरक्की, अमन-चैन और भाईचारे के लिए दुआ मांगी। चादरपोशी के दौरान बड़ी संख्या में जायरीन और अकीदतमंद मौजूद रहे।
चादरपोशी से पहले तेजस्वी यादव ने पीर आयतुल्लाह कादरी साहब से मुलाकात की और उनसे दुआ ली। इस दौरान राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत साफा और टोपी पहनाकर तथा बुके देकर किया। खानकाह मुजीबिया के मिनहाजुद्दीन कादरी साहब समेत राजद के कई वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
लालू यादव से जुड़ा फुलवारी शरीफ का रिश्ता बताया
चादरपोशी के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि फुलवारी शरीफ और खास तौर पर खानकाह मुजीबिया से उनके पिता लालू प्रसाद यादव का पुराना और गहरा लगाव रहा है। लालू प्रसाद यादव ईद, बकरीद और उर्स के मौकों पर यहां आते रहे हैं और उन्हें खानकाह से दुआ और आशीर्वाद मिलता रहा है।
बोले- अब लालू जी के रास्ते पर चलते हुए आते रहूंगा
तेजस्वी यादव ने कहा कि वह भी अपने पिता के रास्ते पर चलते हुए फुलवारी शरीफ और खानकाह मुजीबिया आते रहेंगे। उन्होंने कहा कि यहां जिस तरह लोगों ने उन्हें प्यार और अपनापन दिया, उससे वह काफी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने पीर साहब और मिन्हाज साहब के स्नेह का भी जिक्र किया और कहा कि उन्हें यह जगह अपने घर जैसी लगती है।
गंगा-जमुनी संस्कृति को मजबूत करने की अपील
तेजस्वी यादव ने कहा कि देश में गंगा-जमुनी संस्कृति, आपसी मोहब्बत और भाईचारे को मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने नफरत के खिलाफ खड़े होकर प्रेम और भाईचारे का माहौल मजबूत करने की अपील की। साथ ही लोगों से ऐसे बेहतर माहौल के निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान किया, ताकि समाज में आपसी विश्वास और सौहार्द कायम रहे।
बड़ी संख्या में राजद नेता और अकीदतमंद रहे मौजूद
कार्यक्रम में राजद के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी, डॉ. तनवीर हसन, अख्तरुल इस्लाम शाहीन, विधान पार्षद कारी मोहम्मद सौहैब, शक्ति सिंह यादव, एजाज अहमद, डॉ. मोहिबुल हसन हीरा, डॉ. अनवर आलम, दीनानाथ यादव, कौशर खान, फारूक आजम ललन, मो. आसिफ लड्डू, भाई आरिफ, मो. आसिफ, सलाहुद्दीन मंसूरी, मंसूर अंसारी, छोटे खान, ई. शाहनवाज, ई. आफताब आलम, मो. गोल्डन, सैयद खालिद नसीरुद्दीन, दिनेश पासवान, मो. इकबाल और मो. मोहसिन सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
तेजस्वी ने लोगों का जताया आभार
तेजस्वी यादव ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें इसी तरह लोगों का प्यार और मोहब्बत मिलता रहे। उन्होंने कहा कि आपसी सौहार्द और भाईचारे के माहौल को मजबूत करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा और समाज में नफरत फैलाने वाली शक्तियों के खिलाफ मजबूती से खड़ा होना होगा।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

