By Malay Ojha | Published: 21 May 2026 at 01:34 PM
बिहार में पिछले कुछ दिनों के दौरान कई जिलों में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ की घटनाएं सामने आई हैं। पटना, सीवान, किशनगंज और समस्तीपुर समेत कई जिलों में हुए हाफ एनकाउंटर को लेकर अब राजनीति भी तेज हो गई है। विपक्ष लगातार सरकार पर सवाल उठा रहा है और आरोप लगा रहा है कि कार्रवाई जाति देखकर की जा रही है।
इसी बीच गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक कार्यक्रम में विपक्ष पर निशाना साधते हुए ऐसा बयान दे दिया, जिस पर अब नया विवाद खड़ा हो सकता है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग एनकाउंटर पर भी जाति पूछने की बात कर रहे हैं, तो फिर पुलिस को “जाति पूछकर गोली चलानी चाहिए।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजकल कुछ नेताओं का तर्क सुनकर हैरानी होती है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि अगर हर चीज में जाति देखी जाएगी तो फिर अपराधियों पर कार्रवाई करते समय भी पुलिस जाति पूछ ले।
“पुलिस को चुनौती मिले तो तुरंत जवाब दें”
सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि बिहार में सुशासन बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री के अनुसार, अगर कोई अपराधी पुलिस को चुनौती देता है तो उसे तुरंत जवाब मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में अनावश्यक देरी न हो। अपराध करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
तेजस्वी यादव के बयान के बाद बढ़ी सियासत
हालांकि मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में किसी विपक्षी नेता का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव के हालिया आरोपों से जोड़कर देखा जा रहा है।
दरअसल, दो दिन पहले तेजस्वी यादव ने प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया था कि बिहार में कुछ खास जातियों को निशाना बनाकर एनकाउंटर किए जा रहे हैं। उन्होंने कई मामलों का जिक्र करते हुए सरकार से सवाल पूछा था कि बाकी आरोपियों पर कार्रवाई कब होगी।
एनकाउंटर को लेकर राजनीतिक घमासान
तेजस्वी यादव ने यह भी कहा था कि सरकार को अपराध और पीड़ित दोनों मामलों में जाति का आंकड़ा देखना चाहिए। उनके बयान के बाद से बिहार की राजनीति में एनकाउंटर मुद्दा पूरी तरह गरमा गया है।
अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान ने इस विवाद को और तेज कर दिया है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिल सकती है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

