By Malay Ojha | Published: 03 July 2026 at 11:37 AM
केतन अग्रवाल की मौत की गुत्थी हर दिन और उलझती जा रही है। अब इस मामले की जांच में एक तीसरे युवक की एंट्री ने नया मोड़ ला दिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी चेतन चौधरी और सिया गोयल ने कथित साजिश की जानकारी इस युवक को पहले ही दे दी थी। इसी बीच पुलिस की मौजूदगी में मीडिया कैमरों की ओर सिया गोयल द्वारा किया गया एक इशारा भी सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।
पुणे ग्रामीण पुलिस की जांच में अब एक ऐसे युवक का नाम सामने आया है, जिसे इस पूरे घटनाक्रम की पहले से जानकारी होने का दावा किया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह युवक चेतन चौधरी का क्लासमेट है और मूल रूप से महाराष्ट्र के बीड जिले का रहने वाला है। फिलहाल वह पुणे के बालेवाड़ी इलाके की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है।
पुलिस कर रही हर दावे की जांच
सूत्रों का कहना है कि चेतन चौधरी और सिया गोयल ने इस युवक को कथित योजना के बारे में पहले ही बता दिया था। इतना ही नहीं, उसे अठारह जून को लोहागढ़ किले चलने के लिए भी कहा गया था, लेकिन वह उनके साथ नहीं गया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि उसे पूरी योजना की कितनी जानकारी थी।
युवक ने कथित तौर पर दी थी मना करने की सलाह
जांच से जुड़े सूत्रों का दावा है कि युवक ने दोनों आरोपियों को ऐसा कदम नहीं उठाने की सलाह दी थी। अब जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि घटना के बाद उसकी आरोपियों से कितनी बातचीत हुई और वह पूरे मामले में किस हद तक जानकारी रखता था।
घटना के बाद भी हुआ था संपर्क
सूत्रों के मुताबिक, केतन अग्रवाल की मौत के बाद चेतन चौधरी सबसे पहले इसी युवक से मिला था। वहीं सिया गोयल ने भी उससे संपर्क किया था। पुलिस इन दावों की पुष्टि के लिए कॉल डिटेल, मोबाइल चैट, लोकेशन और दूसरे डिजिटल रिकॉर्ड का मिलान कर रही है। जांच एजेंसियां तकनीकी सबूतों के आधार पर पूरी घटनाक्रम की टाइमलाइन तैयार करने में जुटी हैं।
कैमरे के सामने सिया के इशारे पर मचा बवाल
गुरुवार को पुलिस जांच के सिलसिले में सिया गोयल को उसके घर और अन्य जगहों पर लेकर गई थी। इसी दौरान जब पुलिस उसे घर से बाहर लेकर निकली तो वहां पहले से मौजूद मीडिया कैमरों की ओर सिया ने मिडिल फिंगर दिखाया। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। हालांकि पुलिस ने इस व्यवहार पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है और उसका पूरा ध्यान हत्या की जांच पर ही केंद्रित है।
कथित रिहर्सल वाली जगह भी पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस सिया गोयल को उस स्थान पर भी लेकर गई, जहां कथित तौर पर घटना से पहले अभ्यास किया गया था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह जगह पुणे के लुल्लानगर इलाके में एक क्लब के पास है। यहां सिया ने उस स्थान की पहचान की, जहां पुलिस के मुताबिक किसी व्यक्ति को चट्टान से धक्का देने की कथित योजना का अभ्यास किया गया था।
अब रिहर्सल की तारीख भी खंगाल रही पुलिस
जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि यह कथित रिहर्सल मई महीने में किस दिन हुई थी और उस समय वहां कौन-कौन मौजूद था। आसपास लगे कैमरों, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी सबूतों के जरिए पूरे घटनाक्रम की पुष्टि करने की कोशिश की जा रही है।
पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की तैयारी
जांच को आगे बढ़ाने के लिए पुणे ग्रामीण पुलिस ने वडगांव मावल अदालत में सिया गोयल और चेतन चौधरी का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की अनुमति मांगी है। पुलिस का कहना है कि अदालत की मंजूरी और दोनों आरोपियों की सहमति मिलने के बाद ही यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके जरिए पुलिस पूछताछ में दिए गए बयानों की उपलब्ध सबूतों से जांच करेगी।
कपड़े और डिजिटल सबूत बने जांच का अहम हिस्सा
पुलिस ने सिया गोयल के पुणे स्थित घर की तलाशी के दौरान वे कपड़े भी बरामद किए हैं, जिन्हें उसने कथित तौर पर अठारह जून को पहना था। इन कपड़ों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। इसके अलावा मोबाइल फोन का डेटा, कॉल रिकॉर्ड, चैट, लोकेशन हिस्ट्री और अन्य इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की भी वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है ताकि मामले की हर कड़ी स्पष्ट हो सके।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

