By aryavartalive | Published: 09 July 2026 at 07:06 PM
नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहा कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का आंदोलन गुरुवार को लगातार 20वें दिन भी जारी रहा। इस बीच सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव और रेमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता संदीप पाण्डेय भी आंदोलन के समर्थन में जंतर-मंतर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन स्थल पर चरखा चलाकर महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और शांतिपूर्ण संघर्ष का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनआंदोलन बदलाव का प्रभावी माध्यम है और युवाओं की आवाज को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।
सीजेपी ने ऐलान किया है कि 20 जुलाई को मानसून सत्र के पहले दिन संसद तक शांतिपूर्ण मार्च निकाला जाएगा। परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। देश के अलग-अलग राज्यों से बड़ी संख्या में युवा और समर्थक लगातार जंतर-मंतर पहुंच रहे हैं।
सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल 12वें दिन में
प्रदर्शन के समर्थन में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल भी लगातार जारी है। गुरुवार को उनका अनशन 12वें दिन में पहुंच गया। डॉक्टरों के अनुसार, लगातार उपवास के कारण उनका वजन सात किलोग्राम से अधिक घट चुका है। चिकित्सकों की टीम समय-समय पर उनकी स्वास्थ्य जांच कर रही है। समर्थकों का कहना है कि वांगचुक का यह कदम आंदोलन को नैतिक मजबूती दे रहा है।
युवाओं की मांग क्या है?
आंदोलन का नेतृत्व कर रही कॉकरोच जनता पार्टी का कहना है कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए कथित अनियमितताओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। संगठन की प्रमुख मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के साथ-साथ परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार और पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की है। प्रदर्शनकारी लगातार सरकार से इस मुद्दे पर ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
बांकीपुर उपचुनाव में युवा ग्रेजुएट कॉकरोच उम्मीदवार
इस बीच सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) ने बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार की भी घोषणा कर दी है। पार्टी ने गोपनीय मतदान की प्रक्रिया के बाद नवीन कुमार तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। स्थानीय स्तर पर नवीन कुमार तिवारी “युवा ग्रेजुएट कॉकरोच” के नाम से पहचाने जाते हैं। पार्टी का कहना है कि उनका चयन संगठन के कार्यकर्ताओं की राय और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के आधार पर किया गया है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

