By aryavartalive | Published: 16 August 2026 at 01:01 PM
पटना : सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष धनंजय कुमार सिन्हा ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बाबा रामदेव के बदले तेवर को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने कवि प्रभात सरसिज की पंक्तियों के जरिए बाबा रामदेव पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता के करीब रहने वाले लोग मुश्किल समय आते ही अपना रुख बदलने लगते हैं।
कवि की पंक्तियों से बाबा रामदेव पर तंज
धनंजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बाबा रामदेव के सुर में अचानक आया बदलाव राजनीतिक रूप से काफी कुछ संकेत करता है। उन्होंने कवि प्रभात सरसिज की पंक्तियां उद्धृत करते हुए कहा, “…पालकी ढोने वाले कभी ढाल नहीं उठाते, हर मोड़ चौराहों पर भी वे कंधे बदलते रहते हैं परस्पर…”
‘दो दशक तक मोदी की तारीफ, अब व्यवस्था पर सवाल’
उन्होंने कहा कि पिछले करीब दो दशकों से बाबा रामदेव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों की प्रशंसा करते रहे हैं, लेकिन स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उनके बयान में व्यवस्था को लेकर तल्खी दिखाई दी। धनंजय ने कहा कि यह बदलाव अपने आप में चर्चा का विषय है।
धनंजय कुमार सिन्हा के मुताबिक, बाबा रामदेव ने देश में भ्रष्टाचार और व्यवस्था की खामियों पर खुलकर बात की। उन्होंने शिक्षा से लेकर पुलिस व्यवस्था तक में गड़बड़ियों का आरोप लगाया और व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी तक दी।
‘मोदी की नाव से चूहे भागने लगे हैं’
बाबा रामदेव के इस बदले रुख पर तंज कसते हुए धनंजय कुमार सिन्हा ने कहा कि PM मोदी की नाव से चूहे भागने लगे हैं। उन्होंने इसे इस बात का संकेत बताया कि नाव डूबने वाली है।
‘मुसीबत में चापलूस पाला बदल लेते हैं’
सोशलिस्ट नेता ने कहा कि जब कोई राजा अपने आसपास सिर्फ चापलूसों को इकट्ठा कर लेता है तो मुश्किल वक्त में यही स्थिति पैदा होती है। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में चापलूस संरक्षण देने वाले राजा के पक्ष में खड़े रहने के बजाय पाला बदलकर उभरते हुए राजा का गुणगान शुरू कर देते हैं।
पतंजलि स्टोर को लेकर भी कसा तंज
धनंजय कुमार सिन्हा ने यहां तक कहा कि बाबा रामदेव को डर है कि कहीं नाराज युवा आक्रोशित होकर उनके पतंजलि स्टोर को निशाना न बनाने लगें। इसी वजह से उन्होंने बाबा रामदेव के बदले हुए तेवर को लेकर सवाल उठाया और इसे राजनीतिक परिस्थितियों से जोड़कर देखा।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

