By Malay Ojha | Published: 09 November 2026 at 05:14 PM
बिहार में कांग्रेस अपना संगठन मजबूत करने की कोशिशों में जुटी है। इसी कड़ी में औरंगाबाद जिले में पार्टी को नई राजनीतिक ताकत मिली है। कुटुम्बा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत संडा के मुखिया और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के औरंगाबाद युवा जिलाध्यक्ष गुलाम सरवर ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। उनके साथ युवा नेता मुकेश मेहता ने भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दिलाई सदस्यता
पटना में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने दोनों नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने पर गुलाम सरवर और मुकेश मेहता का स्वागत किया। दोनों नेताओं के पार्टी में आने को औरंगाबाद जिले और खासकर कुटुम्बा विधानसभा क्षेत्र में संगठन के विस्तार के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
संविधान और सामाजिक न्याय की विचारधारा का दिया हवाला
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा, संविधान की रक्षा, लोकतंत्र की मजबूती और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता से प्रभावित होकर अलग-अलग राजनीतिक दलों के लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि गुलाम सरवर और मुकेश मेहता के आने से औरंगाबाद में कांग्रेस संगठन को मजबूती मिलेगी।
राहुल गांधी के विचारों से प्रभावित होकर लिया फैसला
कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद गुलाम सरवर और मुकेश मेहता ने कहा कि राहुल गांधी के विचारों से प्रभावित होकर उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का फैसला किया है। दोनों नेताओं ने पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ काम करने की बात कही।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

