By लाइव आर्यावर्त टीम | Published: 22 May 2026 at 06:39 AM
चुनाव आयोग ने जून और जुलाई के दौरान खाली होने वाली राज्यसभा की 24 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके साथ ही महाराष्ट्र और तमिलनाडु में राज्यसभा की दो सीटों पर उपचुनाव कराने का भी ऐलान किया गया है। आयोग की घोषणा के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
आयोग के अनुसार, जिन राज्यों में राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल खत्म हो रहा है वहां चुनाव कराए जाएंगे। इन सदस्यों का कार्यकाल 21 जून से 19 जुलाई के बीच अलग-अलग तारीखों पर समाप्त होगा। सभी सीटों के लिए 18 जून को मतदान कराया जाएगा और उसी दिन परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे।
कब जारी होगा नोटिफिकेशन
चुनाव आयोग 1 जून को आधिकारिक अधिसूचना जारी करेगा। उम्मीदवारों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 8 जून तय की गई है। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और अन्य चुनावी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
किन राज्यों में कितनी सीटों पर होगा मतदान
राज्यसभा चुनाव आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक की चार-चार सीटों पर होंगे। वहीं मध्य प्रदेश और राजस्थान की तीन-तीन सीटों पर मतदान कराया जाएगा। इसके अलावा झारखंड की दो सीटों और मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश तथा मिजोरम की एक-एक सीट पर चुनाव होंगे।
महाराष्ट्र और तमिलनाडु में उपचुनाव
चुनाव आयोग ने राज्यसभा की दो सीटों पर उपचुनाव कराने की भी घोषणा की है। महाराष्ट्र में सुनेत्रा पवार के इस्तीफे के बाद सीट खाली हुई है। विधायक बनने के बाद उन्होंने राज्यसभा सदस्यता छोड़ दी थी। उनका कार्यकाल वर्ष 2028 तक था।
तमिलनाडु की सीट भी हुई खाली
तमिलनाडु में अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के नेता सीवी शनमुगम ने विधानसभा सदस्य चुने जाने के बाद राज्यसभा से इस्तीफा दिया था। उनका कार्यकाल भी वर्ष 2028 तक था। आयोग के कार्यक्रम के अनुसार इन दोनों सीटों पर भी 18 जून को मतदान और उसी दिन मतगणना कराई जाएगी।
निष्पक्ष चुनाव के लिए विशेष तैयारी
चुनाव आयोग ने कहा है कि स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए विशेष इंतजाम भी किए जाएंगे ताकि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से पूरा कराया जा सके।

