By aryavartalive | Published: 11 August 2026 at 03:14 PM
जालंधर : भारत और पाकिस्तान के बीच शांति, दोस्ती और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के लिए सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) ने आज पंजाब में एक पदयात्रा की शुरूआत की है जो आज 11 अगस्त को जालंधर से शुरू होकर अलग-अलग स्थानों से गुजरते हुए 14 अगस्त को अमृतसर पहुंचेगी। इसके बाद 14 अगस्त की मध्यरात्रि को अटारी-वाघा सीमा पर मोमबत्ती जलाकर दोनों देशों के बीच अमन और दोस्ती का संदेश दिया जाएगा। इसी समय पाकिस्तान की तरफ से भी अमन और शांति के समर्थक पाकिस्तानी नागरिक समूह भी अटारी-वाघा बॉर्डर पहुंचकर मोमबत्ती जलाएंगे और दोस्ती का पैग़ाम देंगे।
करतारपुर में होगा पहला पड़ाव
पार्टी के प्रधान महासचिव संदीप पाण्डेय एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हरिंदर मनसहिया के नेतृत्व में भारत-पाकिस्तान दोस्ती और अमन के लिए आज जालंधर से शुरू हुई इस पदयात्रा का पहला पड़ाव करतारपुर रखा गया है, जहां रात्रि विश्राम होगा।
इसके बाद 12 अगस्त को पदयात्रा आगे बढ़ेगी और बाबा बकाला अथवा बाबा मान सिंह गुरुद्वारे, ब्यास में रात्रि विश्राम किया जाएगा। 13 अगस्त को पदयात्रा मलियां गांव होते हुए झंडियाला गुरु पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है।
14 अगस्त को अमृतसर में पदयात्रा का समापन
पदयात्रा का समापन 14 अगस्त को अमृतसर स्थित बिरसा विहार कला केन्द्र, टेलर मार्ग, गांधी मैदान के निकट होगा। इसी स्थान पर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक भारत-पाकिस्तान दोस्ती और अमन सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
14 अगस्त मध्यरात्रि को बॉर्डर पर जलेंगे मोहब्बत के मोमबत्ती
इसके बाद 14 अगस्त की रात करीब 10 बजे पदयात्रा में शामिल लोग अटारी-वाघा सीमा के लिए रवाना होंगे। मध्यरात्रि में सीमा पर मोमबत्ती जलाने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में पाकिस्तान की तरफ मौजूद साथी भी उसी समय मोमबत्ती जलाकर भारत-पाकिस्तान के बीच शांति और दोस्ती का संदेश देंगे।
संदीप पाण्डेय का अमन एवं मैत्री संदेश
पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव एवं रेमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित संदीप पाण्डेय के मुताबिक इस पूरे कार्यक्रम का उद्देश्य भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के बजाय शांति, संवाद, दोस्ती और लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने का संदेश देना है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

