By Malay Ojha | Published: 11 July 2026 at 09:22 AM
बिहार में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर सरकार अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। शुक्रवार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को साफ निर्देश दिया गया कि नवंबर 2026 तक योजना के तहत तय लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभागों व एजेंसियों को मिशन मोड में काम करना होगा।
बैठक में ऊर्जा विभाग के सचिव सह अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक अजय यादव, बिजली कंपनियों के प्रबंध निदेशक, विभागीय अधिकारी तथा सभी जिलों के जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। इस दौरान जिला-वार प्रगति, रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने की स्थिति, नेट मीटरिंग, लंबित आवेदनों के निस्तारण और कार्य कर रही एजेंसियों के प्रदर्शन की विस्तार से समीक्षा की गई।
कमजोर एजेंसियों पर रहेगी कड़ी नजर
मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि जिन एजेंसियों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं है, उनकी लगातार निगरानी की जाए और जरूरत पड़ने पर सुधारात्मक कार्रवाई भी की जाए। उन्होंने सभी जिलों के लिए फील्ड निरीक्षण की योजना तैयार करने तथा नियमित रूप से मौके पर जाकर कार्यों का निरीक्षण करने को कहा।
हर सोमवार होगी प्रगति की समीक्षा
बैठक में स्पष्ट किया गया कि रूफटॉप सोलर और नेट मीटरिंग से जुड़े सभी कार्यों में तेजी लाई जाएगी। इसके लिए हर सोमवार विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित होगी, ताकि लक्ष्य के अनुरूप काम की निगरानी की जा सके और जहां भी समस्या हो, उसका तुरंत समाधान किया जाए।
सोमवार से तेज होगा अभियान
ऊर्जा सचिव अजय यादव ने कहा कि योजना के लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए जिला प्रशासन, बिजली कंपनियों और कार्यान्वयन एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिया कि सोमवार से सभी जिलों में रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन अभियान और तेज किया जाए तथा रोजाना तय लक्ष्य के अनुसार काम पूरा किया जाए।
गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि प्रत्येक जिले में पर्याप्त तकनीकी कर्मचारियों और फील्ड स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर सोलर संयंत्र लगाने और नेट मीटरिंग की सुविधा मिल सके। अधिकारियों ने साफ किया कि कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा और सभी काम निर्धारित मानकों के अनुसार तय समय सीमा में पूरे किए जाएंगे।
समस्याओं का होगा तत्काल समाधान
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना के क्रियान्वयन में आने वाली किसी भी बाधा का तत्काल समाधान किया जाए। साथ ही पात्र उपभोक्ताओं तक योजना का अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाए। मुख्यालय स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों को सभी जिलों की दैनिक प्रगति पर नजर रखने और लंबित मामलों में तुरंत हस्तक्षेप करने के भी निर्देश दिए गए।
सरकार का फोकस लक्ष्य समय पर पूरा करने पर
बैठक के अंत में अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी विभागों और एजेंसियों के समन्वित प्रयास से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत बिहार को मिला लक्ष्य तय समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। सरकार का फोकस अब योजना की रफ्तार बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों तक इसका लाभ पहुंचाने पर है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

