By Malay Ojha | Published: 19 November 2026 at 09:32 AM
मुंबई के भिंडी बाजार में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहीम के पुराने घर पर बीएमसी (BMC) ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी है। पाकमोडिया स्ट्रीट स्थित जर्जर इमारत को गिराने का काम गुरुवार सुबह शुरू हुआ। हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। विरोध और तनाव की आशंका को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इस बीच बीएमसी ने साफ किया है कि पूरी मस्जिद को नहीं तोड़ा जाएगा, बल्कि केवल जर्जर और खतरनाक हिस्से को हटाया जाएगा।
मस्जिद को लेकर BMC ने क्या कहा?
दरअसल, जिस इमारत पर कार्रवाई की जा रही है, वह लंबे समय से जर्जर हालत में है। इमारत की दीवारों और छत का हिस्सा कभी भी गिर सकता है। बीएमसी ने सुरक्षा के लिहाज से इसे C-1 श्रेणी में रखा था। इस श्रेणी में उन इमारतों को शामिल किया जाता है, जिन्हें बेहद खतरनाक मानते हुए तत्काल खाली कराने या गिराने की जरूरत होती है। अधिकारियों के मुताबिक, लोगों की जान को खतरा देखते हुए जर्जर हिस्से को हटाने का फैसला लिया गया है।
विरोध के चलते इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
कार्रवाई की खबर सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध जताया है। खासकर मस्जिद से जुड़े हिस्से को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। हालात को देखते हुए पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है।
दाऊद इब्राहीम के पुराने घर पर टिकी सबकी नजर
पाकमोडिया स्ट्रीट की यह इमारत दाऊद इब्राहीम के पुराने घर के तौर पर भी पहचानी जाती है। यही वजह है कि बीएमसी की इस कार्रवाई ने लोगों का ध्यान खींचा है। मुंबई का भिंडी बाजार और यहां स्थित यह इमारत लंबे समय से चर्चा में रही है। एक तरफ इमारत की खतरनाक हालत को लेकर सुरक्षा का सवाल है, तो दूसरी तरफ मस्जिद से जुड़े होने के कारण मामला संवेदनशील बना हुआ है।
लोगों की सुरक्षा को बताया प्राथमिकता
बीएमसी और पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आसपास रहने वाले लोगों की जान-माल की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। जर्जर इमारत से किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। फिलहाल कार्रवाई जारी है और पूरे घटनाक्रम पर स्थानीय लोगों के साथ प्रशासन की भी नजर बनी हुई है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

