By Malay Ojha | Published: 14 September 2026 at 04:02 PM
चंदौली के कंदवा में पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक 12 चक्का ट्रक से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। पुलिस के मुताबिक ट्रक में लोहे की चादर के नीचे गुप्त चैम्बर बनाकर 147 पेटी शराब और बीयर छिपाई गई थी। बरामद शराब की कुल मात्रा 1,354.8 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 14 सितंबर की रात करीब 2:18 बजे कंदवा थाना परिसर के सामने बैरियर लगाकर वाहनों की जांच चल रही थी। इसी दौरान वाहनों की कतार में शामिल ट्रक नंबर UP60BT9648 के चालक ने अचानक ट्रक को यू-टर्न लेकर वहां से निकलने की कोशिश की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया और चालक को पकड़ लिया।
लोहे की चादर के नीचे छिपी थी शराब
तलाशी के दौरान ट्रक के डाले में लोहे की चादर से बनाया गया एक अलग चैम्बर मिला। पुलिस का कहना है कि इसी जगह शराब छिपाकर रखी गई थी। बरामद सामान में 45 पेटी 8 PM, 85 पेटी ब्ल्यू लाइम देशी शराब, 16 पेटी किंगफिशर एक्सट्रा स्पेशल स्ट्रांग बीयर और एक पेटी ब्लेंडर्स प्राइड शामिल है।
करीब 13 लाख रुपये की शराब बरामद
पुलिस के मुताबिक बरामद शराब और बीयर की कुल मात्रा 1,354.8 लीटर है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा ट्रक से 1,000 रुपये नकद और एक नोकिया की-पैड मोबाइल फोन भी मिला है।
मिर्जापुर का रहने वाला है चालक
गिरफ्तार चालक की पहचान रिंकू चौहान (38) के रूप में हुई है। वह मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र के हिनौता गांव का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने वाहन के दस्तावेजों की जांच भी की। ई-चालान ऐप पर दर्ज चेसिस और इंजन नंबर ट्रक के भौतिक सत्यापन से मेल पाए गए।
बिहार ले जाने की बात पूछताछ में सामने आई
पुलिस के अनुसार पूछताछ में रिंकू ने बताया कि बिहार में शराबबंदी के कारण वहां शराब ऊंचे दाम पर बिकती है। उसके मुताबिक वह ट्रक मालिक और शराब दुकानों के सेल्समैन की मदद से कंदवा क्षेत्र से शराब खरीदकर ट्रक के गुप्त चैम्बर में छिपाता था और बिहार ले जाकर बेचता था। पुलिस का कहना है कि इस कमाई को आपस में बांटा जाता था। इन बयानों की आगे जांच की जा रही है।
ट्रक सीज, आबकारी एक्ट में केस
पुलिस ने ट्रक को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर कंदवा थाने में मुकदमा संख्या 77/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
स्वाट और सर्विलांस टीम भी रही शामिल
कार्रवाई में कंदवा थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल के साथ स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव, सर्विलांस टीम प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा और थाना पुलिस के जवान शामिल रहे। पुलिस के मुताबिक मामले में शराब की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

