By Malay Ojha | Published: 12 November 2026 at 08:52 PM
बिहार की राजनीति में एक-दूसरे पर लगातार हमला बोलने वाले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर गुरुवार को एक मंच पर नजर आए। पटना में भाजपा के दिवंगत नेता आरके सिन्हा की श्रद्धांजलि सभा में दोनों नेताओं की गर्मजोशी से मुलाकात हुई। सम्राट चौधरी ने प्रशांत किशोर से हाथ मिलाया और कुछ देर बातचीत भी की। इस दौरान प्रशांत किशोर मुख्यमंत्री को मंच तक छोड़ने भी गए।
श्रद्धांजलि सभा में दिखा अलग अंदाज
दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान भाजपा नेता आरके सिन्हा के बेटे ऋतुराज सिन्हा भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जैसे ही कार्यक्रम में पहुंचे, ऋतुराज सिन्हा प्रशांत किशोर का हाथ पकड़कर उन्हें मुख्यमंत्री के पास ले गए। इसके बाद दोनों नेताओं ने मुस्कुराते हुए एक-दूसरे का अभिवादन किया। मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद बिहार के सियासी गलियारों में इसकी चर्चा शुरू हो गई है।
सम्राट और प्रशांत के बगल में बैठीं रोहिणी आचार्या
श्रद्धांजलि सभा में एक और तस्वीर चर्चा में रही। इसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर एक साथ सोफे पर बैठे दिखाई दिए, जबकि उनके बगल में लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या मौजूद थीं। रोहिणी इन दिनों दिवाली और छठ के मौके पर अपने मायके आई हुई हैं। वह सोशल मीडिया पर बिहार की सम्राट सरकार को लेकर लगातार सवाल उठाती रही हैं। रोहिणी सारण लोकसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुकी हैं।
एक-दूसरे पर हमलावर रहे हैं सम्राट और प्रशांत किशोर
दिलचस्प बात यह है कि सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर के बीच राजनीतिक तल्खी किसी से छिपी नहीं है। पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान प्रशांत किशोर ने सम्राट चौधरी की डिग्री और उनके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों को लेकर सवाल उठाए थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी पीके अपराध और कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर सम्राट सरकार को घेरते रहे हैं।
वहीं, बांकीपुर सीट से उपचुनाव जीतने के बाद प्रशांत किशोर ने दावा किया था कि जनता ने सम्राट चौधरी के चेहरे को नकार दिया है। उन्होंने भाजपा के गढ़ में पार्टी को मिली हार को भी इसी से जोड़कर देखा था। ऐसे में दोनों नेताओं का इस तरह गर्मजोशी से मिलना राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, यह मुलाकात एक श्रद्धांजलि सभा में राजनीतिक शिष्टाचार के तहत हुई।
कौन थे आरके सिन्हा?
भाजपा के वरिष्ठ नेता रवींद्र किशोर सिन्हा यानी आरके सिन्हा का 30 अक्टूबर को नोएडा में 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। जनसंघ के दौर से राजनीति में सक्रिय रहे आरके सिन्हा बिहार में भाजपा को मजबूत करने वाले नेताओं में गिने जाते थे। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा कंपनी SIS की स्थापना भी की थी। वह बिहार से राज्यसभा सांसद रह चुके थे।
पटना में गुरुवार को आयोजित उनकी श्रद्धांजलि सभा में बिहार के कई बड़े नेता शामिल हुए। उनके बेटे ऋतुराज सिन्हा भाजपा के राष्ट्रीय सचिव हैं।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

