By Malay Ojha | Published: 27 August 2026 at 07:35 PM
वाराणसी के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘खेलो इंडिया संवाद—खेल की बात, पीएम मोदी के साथ’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। गांधी अध्ययन पीठ सभागार में हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पीएम मोदी का संदेश सुना। प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्क्रीन पर ज्यादा समय बिताने के बजाय खेल व फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
‘जो खेले, वो खिले’ का संदेश
प्रधानमंत्री ने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खेल को सिर्फ प्रतियोगिता या पदक तक सीमित न मानते हुए इसे जीवन में संघर्ष, अनुशासन और आगे बढ़ने की सीख से जोड़ा। पीएम ने पैरा एथलीटों की उपलब्धियों और उनके संघर्ष का उल्लेख करते हुए युवाओं को उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
स्क्रीन से बाहर निकलकर मैदान से जुड़ें युवा
प्रधानमंत्री ने बदलती जीवनशैली के बीच युवाओं को खेल और शारीरिक गतिविधियों से जुड़ने पर जोर दिया। उन्होंने नशे से दूर रहने के साथ ऐसी दिनचर्या अपनाने की अपील की, जिसमें फिटनेस और खेल के लिए भी पर्याप्त समय हो। कार्यक्रम के दौरान मेजर ध्यानचंद के खेल जीवन और देश के लिए उनके योगदान को भी याद किया गया।
खेलों से बनेगा विकसित भारत
कार्यक्रम के दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य का जिक्र करते हुए कहा कि इसे हासिल करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने और देश को आगे बढ़ाने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई।
खेल से व्यक्तित्व और मानवीय गुणों का विकास
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में केवल शारीरिक क्षमता ही नहीं बढ़ाते, बल्कि अनुशासन और मानवीय गुणों के विकास में भी मदद करते हैं। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को कौशल के साथ मानवीय मूल्यों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
पूनम यादव ने साझा किया अपना अनुभव
अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन खिलाड़ी और यूथ आइकन पूनम यादव ने विद्यार्थियों से अपने संघर्ष और खेल जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने युवाओं को मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति लगातार प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने ‘मेरा भारत’ पोर्टल पर पंजीकरण कराया।
नशामुक्त भारत का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य लोगों को नशामुक्त भारत तथा विकसित भारत के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प और प्रतिज्ञा दिलाई गई। आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और ‘मेरा भारत’ के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
शिक्षक और विद्यार्थी रहे मौजूद
कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय, कुलानुशासक डॉ. अम्बरीश राय, निदेशक एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह समेत विश्वविद्यालय के कई शिक्षक और अधिकारी मौजूद रहे। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी, स्वयंसेवक, छात्र-छात्राएं और कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। संचालन सृजन चतुर्वेदी और डॉ. हंसराज ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन एनएसएस समन्वयक डॉ. राहुल गुप्ता ने किया।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

