By aryavartalive | Published: 03 October 2026 at 04:04 PM
नेपाल में भारी बारिश के बाद गंडक नदी में आई बाढ़ को लेकर जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चिंता जताई है। उन्होंने आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा से हालात की जानकारी ली और बाढ़ प्रभावित जिलों में लोगों को हरसंभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए।
नीतीश कुमार ने कहा कि गंडक नदी में आई बाढ़ और तटबंध टूटने से सारण समेत छह जिलों के करीब 250 गांव प्रभावित हुए हैं। उनके मुताबिक तीन लाख से ज्यादा लोग बाढ़ की चपेट में हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की दूसरी नदियों में भी जलस्तर बढ़ा हुआ है, ऐसे में राहत और बचाव के काम में तेजी जरूरी है।
आपदा प्रबंधन मंत्री से ली जानकारी
नीतीश कुमार ने 7, सर्कुलर रोड स्थित अपने आवासीय कार्यालय में आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा के साथ बाढ़ की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। मंत्री ने उन्हें सरकार की ओर से चलाए जा रहे राहत और बचाव कार्यों की जानकारी दी। प्रेस नोट के मुताबिक, नीतीश कुमार ने राहत कार्यों पर संतोष जताया।
पीड़ितों को प्राथमिकता देने की बात
नीतीश कुमार ने कहा कि आपदा की स्थिति में जरूरतमंद लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य के खजाने पर पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का है और प्रभावित लोगों की जरूरत के मुताबिक मदद उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
राहत कार्यों में तेजी पर जोर
पूर्व मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और संबंधित विभागों से प्रभावित इलाकों में लगातार स्थिति पर नजर रखने और जरूरत के अनुसार सहायता पहुंचाने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार को राहत और बचाव के काम में पहले से बेहतर व्यवस्था के साथ काम करना चाहिए।
बैठक में कई नेता रहे मौजूद
बैठक के दौरान जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, विधायक दल के नेता और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन सर्राफ और मुख्य सचेतक संजय गांधी समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

