By Malay Ojha | Published: 28 November 2026 at 02:52 PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण को लेकर विपक्षी दलों को कड़ा संदेश दिया है। संसद के आगामी विशेष सत्र से पहले पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर साफ कहा कि महिलाओं को संसद और विधानसभा में उनका अधिकार दिलाने के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि देश की 100 फीसदी नारी शक्ति का आशीर्वाद उनके साथ है और महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां इस मुहिम को रोक नहीं पाएंगी।
प्रधानमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब केंद्र सरकार महिला आरक्षण कानून को जल्द लागू करने और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों पर संसद में फिर से चर्चा की तैयारी कर रही है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने वाला है। ऐसे में महिला आरक्षण और परिसीमन का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है।
‘हर रुकावट को खत्म करके रहेंगे’
पीएम मोदी ने वीडियो संदेश में कहा कि महिला आरक्षण की लड़ाई कई दशकों से चल रही है। वह भी लंबे समय से इस दिशा में प्रयास करते रहे हैं। प्रधानमंत्री के मुताबिक, देश की महिलाएं लगातार उनसे इस मुद्दे पर बात करती रही हैं। कई बहनों ने पत्र लिखकर भी महिला आरक्षण को जल्द लागू करने की मांग की है।
उन्होंने कहा, “मैं जानता हूं देश की सौ प्रतिशत, हंड्रेड परसेंट नारी शक्ति का आशीर्वाद हमारे साथ है। मैं देश की हर नारी को विश्वास दिलाता हूं, हम महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाले हर रुकावट को खत्म करके रहेंगे।”
विपक्षी दलों को पीएम मोदी की दो टूक
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार का हौसला बुलंद है, हिम्मत अटूट है और इरादा अडिग है। महिलाओं की संसद और विधानसभाओं में भागीदारी बढ़ाने के प्रयास को कोई भी राजनीतिक दल रोक नहीं पाएगा।
पीएम मोदी ने अपने संदेश के आखिर में कहा कि ‘वक्त का इंतजार है।’ उनके इस बयान को विशेष सत्र से पहले विपक्ष पर राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
क्या है नारी शक्ति वंदन अधिनियम?
संसद ने सितंबर 2023 में महिलाओं को लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया था। इस कानून के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने का प्रावधान है।
इसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों में भी एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए रखने की व्यवस्था की गई है। इसका मकसद राजनीति और विधायी संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना है।
2029 से पहले लागू करने की कोशिश क्यों?
कानून पारित होने के बावजूद महिला आरक्षण तत्काल लागू नहीं हो सका। इसकी वजह यह है कि अधिनियम में आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को अगली जनगणना के आंकड़ों और उसके बाद होने वाले परिसीमन से जोड़ा गया है। इसी कारण 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले इसे लागू किए जाने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी।
महिला आरक्षण को जल्द लागू करने के लिए केंद्र सरकार ने अप्रैल 2026 में संसद के विशेष सत्र के दौरान संविधान संशोधन से जुड़े प्रस्ताव पेश किए थे। हालांकि, लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक को जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिल सका। इसके बाद परिसीमन से जुड़े अन्य विधेयकों को भी आगे नहीं बढ़ाया जा सका।
अब संसद के आगामी विशेष सत्र से पहले पीएम मोदी के ताजा संदेश ने महिला आरक्षण को लेकर सियासी बहस फिर तेज कर दी है। सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि सरकार इस बार संसद में इस मुद्दे पर क्या कदम उठाती है और विपक्ष का रुख क्या रहता है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

