By Malay Ojha | Published: 28 November 2026 at 09:04 PM
वाराणसी कमिश्नरेट में पुलिस नेतृत्व का बदलाव हो गया है। नवागत पुलिस आयुक्त किरन एस0 ने शनिवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। निवर्तमान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने उन्हें पदभार सौंपा और नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं, दूसरी ओर मोहित अग्रवाल को IIM मुंबई की ओर से लोकसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिले Distinguished Alumni Award पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद शील्ड देकर सम्मानित किया।
किरन एस ने संभाली वाराणसी पुलिस की कमान
पुलिस आयुक्त का कार्यभार ग्रहण करने के दौरान प्रशासनिक और विभागीय औपचारिकताएं पूरी की गईं। इस दौरान पुलिस से जुड़े महत्वपूर्ण अभिलेखों, प्रशासनिक जिम्मेदारियों और विभागीय कार्यों का हस्तांतरण किया गया। कमिश्नरेट के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और अन्य कर्मचारी भी इस मौके पर मौजूद रहे।
नए पुलिस कमिश्नर के सामने होंगी ये चुनौतियां
किरन एस0 के कार्यभार संभालने के साथ ही वाराणसी पुलिस को नया नेतृत्व मिल गया है। अब उनके सामने शहर की कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आम लोगों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण जैसी जिम्मेदारियां होंगी। पुलिसिंग को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने पर भी नए नेतृत्व की भूमिका अहम रहेगी।
IIM मुंबई ने मोहित अग्रवाल को दिया प्रतिष्ठित सम्मान
दूसरी ओर, निवर्तमान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के लिए भी यह दिन खास रहा। भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) मुंबई ने उन्हें लोकसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए Distinguished Alumni Award से सम्मानित किया है। यह सम्मान उनकी प्रशासनिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता और जनसेवा के प्रति समर्पण के लिए दिया गया है।
CM योगी ने खुद शील्ड देकर किया सम्मानित
IIM मुंबई से मिले इस प्रतिष्ठित सम्मान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोहित अग्रवाल को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने स्वयं उन्हें सम्मान स्वरूप शील्ड प्रदान की। उत्तर प्रदेश पुलिस और वाराणसी कमिश्नरेट के लिए इसे गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

