By aryavartalive | Published: 23 June 2026 at 05:36 PM
बिहार की राजनीति में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के विधानसभा सीट छोड़ने के बाद होने वाले उपचुनाव में कई राजनीतिक दल अपनी तैयारी में जुट गए हैं। इसी बीच सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) से एक ऐसा चेहरा सामने आया है, जिसकी चर्चा तेजी से होने लगी है। पटना में ऑटो चलाकर परिवार का गुजारा करने वाले ग्रेजुएट युवा नवीन कुमार तिवारी ने पार्टी से चुनाव लड़ने की दावेदारी पेश कर दी है।
नवीन कुमार तिवारी का कहना है कि वह पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं की परेशानियों को करीब से जानते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रेजुएट होने के बावजूद बेरोजगारी की वजह से उन्हें ऑटो चलाकर अपना जीवन यापन करना पड़ रहा है। अगर पार्टी उन्हें चुनाव लड़ने का मौका देती है तो वह विधानसभा में युवाओं की आवाज बुलंद करेंगे।
बांकीपुर सीट पर बढ़ी राजनीतिक हलचल
बांकीपुर विधानसभा सीट को भारतीय जनता पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। लेकिन इस बार का उपचुनाव पहले के मुकाबले ज्यादा दिलचस्प होता दिख रहा है। राष्ट्रीय जनता दल पहले से मैदान में उतरने की तैयारी कर रहा है, जबकि जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने की चर्चाएं भी लगातार हो रही हैं। ऐसे में सोशलिस्ट पार्टी की सक्रियता ने मुकाबले को और रोचक बना दिया है।
‘सोशलिस्ट पार्टी में टिकट का फैसला लोकतांत्रिक तरीके से होगा’
सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के प्रदेश उपाध्यक्ष विनय कुमार झा ने कहा कि पार्टी में टिकट किसी एक नेता या प्रदेश कमेटी की मर्जी से नहीं दिया जाएगा। पार्टी का उम्मीदवार तय करने के लिए आंतरिक चुनाव कराया जाएगा जिसमें सभी पार्टी सदस्य गोपनीय ढंग से वोट करेंगे। जो आवेदक सबसे ज्यादा मत हासिल करेगा, उसे ही पार्टी का टिकट मिलेगा।
‘गोपनीय मतदान से होगा प्रत्याशी का चयन’
विनय कुमार झा ने बताया कि सबसे पहले इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन लिए जाएंगे। इसके बाद पार्टी के सदस्यों को एक जगह बुलाकर गोपनीय मतदान कराया जाएगा। मतों की गिनती पूरी तरह पारदर्शी तरीके से होगी और पूरी प्रक्रिया का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा ताकि किसी तरह का विवाद न हो।
जुलाई के अंत तक जारी होगा कार्यक्रम
पार्टी के अनुसार, आंतरिक चुनाव की तारीखों का ऐलान जुलाई के आखिर तक किया जाएगा। उसके बाद लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत उम्मीदवार का चयन होगा। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि यह व्यवस्था कार्यकर्ताओं को बराबर का अधिकार देने, पारदर्शिता बढ़ाने एवं लोकतंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से अपनाई जा रही है।
नवीन तिवारी को भी मिल सकता है मौका !
प्रदेश उपाध्यक्ष विनय कुमार झा का कहना है कि नवीन कुमार तिवारी एक समर्पित और संघर्षशील कार्यकर्ता हैं। अगर उन्हें पार्टी सदस्यों का सबसे ज्यादा वोट मिलता है तो वह भी बांकीपुर उपचुनाव में सोशलिस्ट पार्टी के उम्मीदवार बन सकते हैं।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

