By Malay Ojha | Published: 28 August 2026 at 03:57 PM
रक्षाबंधन के मौके पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाई-बहन के रिश्ते के साथ प्रकृति की सुरक्षा का संदेश भी दिया। रक्षाबंधन एवं बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस के अवसर पर उन्होंने एक पेड़ को रक्षा सूत्र बांधा और लोगों से पर्यावरण बचाने के लिए कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की। नीतीश कुमार ने कहा कि पेड़ हमारे जीवन का आधार हैं और उनकी सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है।
नीतीश कुमार ने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व केवल भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह हमें अपनी जिम्मेदारियों की भी याद दिलाता है। पेड़ को रक्षा सूत्र बांधने की पहल के जरिए उन्होंने प्रकृति के प्रति सम्मान और उसके संरक्षण का संदेश दिया।
हर व्यक्ति एक पौधा लगाए
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे रक्षाबंधन के अवसर पर एक पौधा जरूर लगाएं और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी लें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा के लिए केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पेड़ों को बचाना और उनका संरक्षण करना भी जरूरी है।
वृक्षों की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी
नीतीश कुमार ने कहा कि पेड़ जीवन के लिए बेहद जरूरी हैं। पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए समाज में वृक्षों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ानी होगी। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ मौजूदा पेड़ों की रक्षा करने की जरूरत पर भी जोर दिया।
बहनों से राखी बंधवाकर दिया शुभकामना संदेश
इससे पहले नीतीश कुमार ने अपनी तीनों बहनों से राखी बंधवाई। इस मौके पर उन्होंने बिहार सहित देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व भाई-बहन के बीच अटूट प्रेम, स्नेह, विश्वास और समर्पण का प्रतीक है।
रिश्तों में प्रेम और भाईचारा बढ़ाने की अपील
नीतीश कुमार ने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति में रिश्तों की पवित्रता और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे, सम्मान और सौहार्द की भावना को मजबूत करने का संकल्प लेने की अपील की।
सुख-शांति और खुशहाली की कामना
रक्षाबंधन के अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। साथ ही भाई-बहन के बीच प्रेम और विश्वास का रिश्ता हमेशा मजबूत बने रहने की शुभकामना दी।
कार्यक्रम में ये नेता भी रहे मौजूद
इस अवसर पर विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ और मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान रक्षाबंधन के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रमुखता से सामने आया।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

