By Malay Ojha | Published: 14 September 2026 at 04:28 PM
बिहार में बाढ़ की स्थिति के बीच सरकार ने राहत और बचाव व्यवस्था पर अपना फोकस बनाए रखा है। सोमवार को पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार ने अलग-अलग जिलों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। दोनों मंत्रियों ने संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर मामलों के जल्द और नियमानुसार निपटारे के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में जमीन, सरकारी योजनाओं, सड़क, ग्रामीण विकास और दूसरी स्थानीय समस्याओं से जुड़े मामले लेकर लोग पहुंचे थे। मंत्रियों ने फरियादियों की बात सुनने के बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों से सीधे संपर्क किया और जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्यक्रम में विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ ‘गांधी जी’ और प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी सुमित कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
बाढ़ प्रभावितों को हरसंभव मदद का दावा
मीडिया से बातचीत में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार यह बात कहते रहे हैं कि सरकारी खजाने पर पहला हक आपदा से प्रभावित लोगों का है। उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ एनडीए सरकार बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने में जुटी है। मंत्री ने दावा किया कि प्रभावित लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सरकार गंभीरता से काम कर रही है।
राहत-बचाव अभियान पर नजर
ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उनके मुताबिक प्रत्येक जिले में प्रभारी मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी हालात पर नजर रख रहे हैं। राहत व्यवस्था के साथ स्वास्थ्य सेवाओं की भी नियमित निगरानी की जा रही है।
खाना-पानी से लेकर नाव तक की व्यवस्था
सुनील कुमार ने कहा कि प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत सामग्री पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। सामुदायिक रसोई चलाने, सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने और पशुओं के लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जा रहा है। जरूरत वाले इलाकों में नाव और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था भी की गई है। सरकार की प्राथमिकता बाढ़ प्रभावित लोगों को समय पर जरूरी मदद उपलब्ध कराना है।
BRICS सम्मेलन पर PM मोदी को बधाई
इस दौरान श्रवण कुमार ने नई दिल्ली में हुए BRICS शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। 12-13 सितंबर को आयोजित 18वें BRICS सम्मेलन में नई दिल्ली घोषणा जारी हुई, जिसमें आर्थिक सहयोग, वैश्विक शासन व्यवस्था और विकास से जुड़े मुद्दों पर सदस्य देशों ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
चुनावी प्रदर्शन का भी किया जिक्र
श्रवण कुमार ने कहा कि जदयू और उसके नेतृत्व को लेकर पहले सवाल उठाने वालों को जनता ने 2024 के लोकसभा और 2025 के विधानसभा चुनाव में जवाब दिया। उन्होंने दावा किया कि दोनों चुनावों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में जदयू का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

