By Malay Ojha | Published: 14 September 2026 at 06:59 PM
उत्तर प्रदेश पुलिस के 2001 बैच के उन अधिकारियों के लिए वाराणसी में यादगार शाम रही, जिन्होंने पुलिस सेवा में 25 साल पूरे किए हैं। वाराणसी और प्रयागराज जोन में तैनात इस बैच के उप निरीक्षक रहे पुलिसकर्मियों ने एक साथ जुटकर अपनी Silver Jubilee मनाई। लंबे समय बाद मिले साथियों ने एक-दूसरे से गले मिलकर पुरानी यादें ताजा कीं और 25 साल के सफर को याद किया।
2001 बैच में उप निरीक्षक के रूप में पुलिस सेवा शुरू करने वाले कई पुलिसकर्मी अब निरीक्षक के पद पर काम कर रहे हैं। इनमें कुछ अधिकारी आउट ऑफ टर्न प्रमोशन के बाद पुलिस उपाधीक्षक के पद तक भी पहुंचे हैं। कार्यक्रम में सेवा के दौरान हासिल किए अनुभवों और अब तक के सफर पर अधिकारियों ने अपने विचार साझा किए।
वाराणसी-प्रयागराज जोन के कई जिलों से पहुंचे अधिकारी
समारोह में वाराणसी कमिश्नरेट के अलावा चंदौली, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र, गाजीपुर, मऊ, बलिया, आजमगढ़ और जौनपुर में तैनात 2001 बैच के अधिकारी शामिल हुए। वाराणसी में एसटीएफ, एटीएस, विजिलेंस, आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन, एंटी करप्शन, स्पेशल ब्रांच और अभिसूचना इकाई में काम कर रहे बैचमेट भी कार्यक्रम का हिस्सा बने। प्रयागराज जोन और वहां के अलग-अलग पुलिस विभागों में तैनात अधिकारी भी समारोह में पहुंचे।
ट्रेनिंग सेंटर की यादों से लेकर आज तक का सफर
मुलाकात के दौरान पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के शुरुआती दिनों से लेकर अब तक की यादें एक बार फिर ताजा हो गईं। किसी ने पुराने किस्से सुनाए तो किसी ने गीत और शायरी के जरिए माहौल को खुशनुमा बना दिया। ढोल-नगाड़ों और फूलों के साथ साथियों का स्वागत किया गया और सभी ने एक-दूसरे को 25 साल की सेवा पूरी करने पर बधाई दी।
दिवंगत साथियों को किया याद
कार्यक्रम की शुरुआत 2001 बैच के उन साथियों को याद करके हुई, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं। सभी अधिकारियों ने कुछ पल का मौन रखकर दिवंगत बैचमेट को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सिल्वर जुबली का केक काटा गया और साथियों को अंगवस्त्रम व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
अनुभव साझा कर फिर याद किया पुराना दौर
समारोह में अधिकारियों ने पुलिस सेवा के दौरान मिले अनुभवों को साझा किया। 25 साल के लंबे सफर में अलग-अलग जिलों, शाखाओं और जिम्मेदारियों में काम करने के अनुभव भी बातचीत का हिस्सा रहे। वर्षों बाद एक साथ आए अधिकारियों के लिए यह कार्यक्रम सिर्फ जश्न नहीं, बल्कि पुराने साथियों से फिर जुड़ने का मौका भी रहा।
इन अधिकारियों ने संभाली कार्यक्रम की जिम्मेदारी
कार्यक्रम का संचालन सिद्धार्थ मिश्रा, सुनील वर्मा, अमित श्रीवास्तव, राजकुमार सिंह और विनय मोहन पाठक ने बारी-बारी से किया। आयोजन के दौरान पूरे बैच के बीच पुराने दिनों की यादें और आपसी अपनापन साफ नजर आया।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

