By Malay Ojha | Published: 02 October 2026 at 02:03 PM
वाराणसी। गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के मौके पर वाराणसी पुलिस लाइन में शुक्रवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा का संदेश आज भी उतना ही महत्वपूर्ण है। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री का सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणा है।
पुलिसकर्मियों ने ली स्वच्छता की शपथ
कार्यक्रम में गांधीजी के स्वच्छता संदेश को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। पुलिस आयुक्त ने कहा कि स्वच्छ वातावरण बनाने की जिम्मेदारी केवल किसी एक विभाग की नहीं, बल्कि हर नागरिक की है।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी संस्थान के कामकाज में हर कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।
पुलिस अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, डीसीपी लाइन्स गौरव बंशवाल, डीसीपी वरुणा जोन राजेश पाण्डेय, डीसीपी यातायात अनिल यादव, डीसीपी मुख्यालय एवं अपराध विनीत भटनागर, एडीसीपी लाइन्स वैभव बांगर और एसीपी लाइन शुभम जैन समेत कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

