By Malay Ojha | Published: 07 October 2026 at 12:12 PM
भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री आम्रपाली दुबे और सुपर स्टार विक्रांत सिंह राजपूत की नई फिल्म ‘बीवी हो तो ऐसी’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। 1 मिनट 47 सेकेंड के ट्रेलर में दोनों कलाकारों की जोड़ी एक अलग अंदाज में दिखाई दे रही है। ट्रेलर सामने आने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।
फिल्म के ट्रेलर की शुरुआत आम्रपाली दुबे के उस किरदार से होती है, जिसका सपना वकील बनने का है। इसके बाद कहानी शादी और पति-पत्नी के रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमती नजर आती है। दोनों के अलग-अलग स्वभाव के बीच कई ऐसे मोड़ आते हैं, जो कहानी को दिलचस्प बनाते हैं।
क्लाइमेक्स ने बढ़ाया सस्पेंस
ट्रेलर में रिश्तों की भावनाओं के साथ कॉमेडी और मनोरंजन का भी भरपूर तड़का देखने को मिलता है। खास तौर पर ट्रेलर के आखिरी हिस्से में ऐसा ट्विस्ट आता है, जो कहानी को लेकर सस्पेंस बढ़ा देता है। अब इस राज से पर्दा फिल्म के प्रीमियर के बाद ही उठेगा।
निशांत उज्जवल ने बताई फिल्म की खासियत
रेणु विजय फिल्म्स एंटरटेनमेंट प्रा. लि. के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता निशांत उज्जवल हैं, जबकि सोम भूषण ने लेखन और निर्देशन की जिम्मेदारी संभाली है। निशांत उज्जवल के मुताबिक फिल्म पारिवारिक रिश्तों और भावनाओं के साथ मनोरंजन को जोड़ती है। उनका कहना है कि ट्रेलर को मिल रही प्रतिक्रिया से फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ी है।
आम्रपाली-विक्रांत की जोड़ी पर टिकी नजर
निर्माता ने आम्रपाली दुबे और विक्रांत सिंह राजपूत की जोड़ी की भी तारीफ की है। उनका कहना है कि दोनों कलाकारों ने अपने किरदारों को सहजता से निभाया है और उनकी केमिस्ट्री कहानी को आगे बढ़ाती है। फिल्म में दोनों को दर्शक एक नए अंदाज में देख पाएंगे।
ये कलाकार भी आएंगे नजर
फिल्म में आम्रपाली दुबे और विक्रांत सिंह राजपूत के अलावा रोहित सिंह मटरू, सुबोध सेठ, इशा भारद्वाज, साहिबा, पल्लवी कोहली और सबा खान नजर आएंगी। संजय पांडेय फिल्म में विशेष भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म का प्रीमियर जल्द किए जाने की बात कही गई है।
संगीत से लेकर कैमरे तक इनकी जिम्मेदारी
फिल्म का संगीत ओम झा और रजनीश मिश्रा ने तैयार किया है। गीत ओम झा, संतोष पाटिल और शेखर मधु ने लिखे हैं। सिनेमेटोग्राफी प्रमोद पांडेय और एडिटिंग जितेंद्र सिंह जीतू ने की है। सह निर्माता डॉ. संदीप उज्जवल और सुशांत उज्जवल हैं, जबकि महेश उपाध्याय कार्यकारी निर्माता और रमेश चौरसिया प्रोडक्शन कंट्रोलर हैं। सह निर्देशन की जिम्मेदारी मंजर खान ने संभाली है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

