By aryavartalive | Published: 07 October 2026 at 04:24 PM
बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर इंडिया गठबंधन का विरोध प्रदर्शन बुधवार को पटना में सड़क पर उतरा। राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश कार्यालय से वीरचंद पटेल पथ होते हुए इनकम टैक्स गोलंबर तक ‘ज्ञानेश भगाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत आक्रोश मार्च निकाला गया। मार्च के बाद PM मोदी, अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले जलाए गए।
चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप
मार्च में शामिल नेताओं ने चुनाव आयोग पर भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया। इंडिया गठबंधन के नेताओं का कहना था कि बिहार से शुरू की गई SIR प्रक्रिया के जरिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश की गई। गठबंधन ने इसे लेकर सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ अपना आंदोलन जारी रखने की बात कही।
तेजस्वी के नेतृत्व में आगे बढ़ेगा आंदोलन
आरजेडी प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए इंडिया गठबंधन का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन बिहार में कथित चुनावी गड़बड़ियों और SIR के मुद्दे को जनता के बीच ले जाएगा और सरकार को घेरने का अभियान जारी रहेगा।
गूंजते रहे विरोध के नारे
आक्रोश मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘ज्ञानेश भगाओ, लोकतंत्र बचाओ’, ‘वोट चोर गद्दी छोड़’, ‘लोकतंत्र को कमजोर करने वाली नीति नहीं चलेगी’, ‘भाजपा-चुनाव आयोग गठजोड़ शर्म करो’ और ‘लोकतंत्र की हत्या बंद करो’ जैसे नारे लगाए। बड़ी संख्या में इंडिया गठबंधन के नेता और कार्यकर्ता जुलूस में शामिल हुए।
534 प्रखंडों में प्रदर्शन का दावा
एजाज अहमद ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के आह्वान पर राज्य के सभी 534 प्रखंडों में ‘ज्ञानेश भगाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत आक्रोश मार्च और पुतला दहन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इससे पहले गठबंधन ने 7 अक्टूबर को प्रखंड स्तर पर प्रदर्शन और 8 अक्टूबर को जिला मुख्यालयों पर कार्यक्रम का ऐलान किया था।
कल पटना में राजभवन मार्च
अब आंदोलन का अगला बड़ा कार्यक्रम 8 अक्टूबर को पटना में होगा। तेजस्वी प्रसाद यादव के नेतृत्व में शहीद स्मारक से राजभवन तक मार्च निकालने की तैयारी है। गठबंधन नेताओं के मुताबिक मार्च के बाद राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा। कार्यक्रम में सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, विधान पार्षद और विभिन्न घटक दलों के नेता-कार्यकर्ता शामिल होंगे।
कई दलों के नेता रहे मौजूद
पटना के मार्च में महताब आलम, दीनानाथ सिंह यादव, एजाज अहमद, मनोज कुमार, प्रमोद कुमार सिन्हा, कृष्णदेव यादव, कमलेश शर्मा, जितेंद्र कुमार, विश्वजीत कुमार, राम लला, सुजीत कुमार, त्रिलोकी पांडे, अरुण मिश्रा, मुर्तजा अली, केडी यादव, मदन शर्मा, नंदू यादव, डॉ. कुमार राहुल सिंह सहित इंडिया गठबंधन के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
SIR को लेकर पहले से जारी है सियासी टकराव
बिहार में SIR को लेकर पिछले कुछ समय से विपक्ष और चुनाव आयोग के बीच राजनीतिक टकराव जारी है। तेजस्वी यादव समेत विपक्षी नेता आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाते रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी कर चुके हैं।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

