By Malay Ojha | Published: 29 October 2026 at 11:15 PM
बिहार विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने ऐसा सियासी फॉर्मूला पेश किया है, जिसने बिहार की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। उन्होंने कहा कि अगर तेजस्वी यादव और प्रशांत किशोर साथ आ जाएं, तो बीजेपी और एनडीए को बिहार में बड़ा झटका लग सकता है। रोहिणी के मुताबिक, आरजेडी और जन सुराज पार्टी को मिले वोट जोड़ दिए जाएं, तो एनडीए सभी आठ सीटों पर हार सकती थी।
तेजस्वी और प्रशांत किशोर के साथ आने की चर्चा
रोहिणी आचार्य ने गुरुवार शाम सोशल मीडिया पर पोस्ट कर यह दावा किया। उन्होंने बिहार एमएलसी चुनाव के नतीजों का हवाला देते हुए तेजस्वी यादव (TJ) और प्रशांत किशोर (PK) के साथ आने को बीजेपी-एनडीए के खिलाफ जीत का फॉर्मूला बताया। उनकी इस पोस्ट के बाद दोनों नेताओं के बीच संभावित राजनीतिक तालमेल को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
हालांकि, रोहिणी के बयान को जन सुराज पार्टी के साथ गठबंधन के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है, लेकिन आरजेडी की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में यह साफ नहीं है कि उनकी पोस्ट किसी संभावित राजनीतिक रणनीति का संकेत है या चुनावी नतीजों पर आधारित एक सियासी टिप्पणी।
रोहिणी ने वोट जोड़कर जीत का गणित समझाया
रोहिणी आचार्य ने अपनी पोस्ट में लिखा कि बिहार के एमएलसी चुनाव ने बीजेपी और एनडीए को हराने का फॉर्मूला दे दिया है। उन्होंने तेजस्वी यादव और प्रशांत किशोर के साथ आने की स्थिति में एनडीए के सभी आठ सीटों पर हारने का दावा किया। पोस्ट के अंत में उन्होंने आगे की राजनीति को लेकर भी संकेत दिया।
आरजेडी को दो सीटों का फायदा, जन सुराज का भी खुला खाता
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के चुनाव में आरजेडी और बीजेपी ने दो-दो सीटों पर जीत दर्ज की। जन सुराज पार्टी और जेडीयू को एक-एक सीट मिली, जबकि दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे। इन नतीजों में आरजेडी को खास फायदा हुआ, क्योंकि चुनाव से पहले विधान परिषद की इन आठ सीटों में पार्टी का कोई प्रतिनिधि नहीं था। इस बार दो सीटें जीतकर उसने अपना खाता खोला।
आरजेडी ने बीजेपी के दो मौजूदा एमएलसी को हराया
पटना शिक्षक और दरभंगा स्नातक सीट पर आरजेडी के उम्मीदवारों ने बीजेपी के मौजूदा एमएलसी को हराकर जीत दर्ज की। वहीं, जन सुराज पार्टी ने भी दरभंगा शिक्षक सीट पर जीत हासिल की। पार्टी के उम्मीदवार सुरेश राय ने कांग्रेस के मौजूदा एमएलसी मदन मोहन झा को शिकस्त दी।
एनडीए के खाते में गईं तीन सीटें
चुनाव में सत्ताधारी एनडीए को कुल तीन सीटों पर जीत मिली। बीजेपी ने कोसी स्नातक सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा, जबकि तिरहुत शिक्षक सीट पर जीत हासिल कर सीपीआई से यह सीट छीन ली। जेडीयू ने पटना स्नातक सीट पर अपनी जीत दोहराई।
इसके अलावा सारण शिक्षक और तिरहुत स्नातक सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। चुनाव के इन नतीजों के बाद अब रोहिणी आचार्य के बयान ने बिहार में विपक्षी दलों के संभावित राजनीतिक समीकरणों पर नई बहस शुरू कर दी है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

