By Malay Ojha | Published: 30 October 2026 at 12:15 PM
वाराणसी में समाजवादी पार्टी ने व्यापारियों और वैश्य समाज को अपने साथ जोड़ने की मुहिम के तहत बड़ा सम्मेलन किया। पिपलानी कटरा-कबीर रोड स्थित सरोजा पैलेस में आयोजित PDA व्यापारी मंडलीय सम्मेलन में 2000 से अधिक व्यापारी और वैश्य समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए। सम्मेलन में व्यापारियों ने 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया।
18वां और अंतिम मंडलीय सम्मेलन वाराणसी में
समाजवादी व्यापार सभा उत्तर प्रदेश की ओर से आयोजित यह प्रदेश का 18वां और अंतिम PDA व्यापारी मंडलीय सम्मेलन था। इससे पहले 5 जुलाई 2026 से प्रदेश के अलग-अलग 17 मंडलों में ऐसे सम्मेलन आयोजित किए जा चुके हैं। वाराणसी मंडल के इस सम्मेलन में वाराणसी के अलावा चंदौली, जौनपुर और गाजीपुर के व्यापारियों ने भी भाग लिया।
भाजपा सरकार पर बरसे सांसद राजीव राय
सम्मेलन के मुख्य अतिथि घोसी से समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार चंद पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है। उसे फुटकर दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी वालों और छोटे कारोबारियों की परेशानियों से कोई मतलब नहीं है। सरकार ने व्यापारियों से कई वादे किए, लेकिन जमीनी स्तर पर उनकी समस्याएं बनी हुई हैं।
राजीव राय ने कहा कि कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए व्यापारियों को सुविधाओं के साथ सुरक्षित और भरोसेमंद माहौल चाहिए। समाजवादी पार्टी व्यापारियों की समस्याओं को लगातार उठाती रहेगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 में सपा की सरकार बनने पर व्यापारियों की मदद के लिए कानून बनाकर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
छोटे दुकानदारों को खत्म करना चाहती है सरकार: मनीष जगन अग्रवाल
समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकारें अमीरों और बड़े पूंजीपतियों के हित में काम कर रही हैं। उनकी नीतियों से फुटकर दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी वालों, गुमटी और ठेला लगाकर रोजी-रोटी कमाने वाले लोगों के सामने संकट खड़ा हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां छोटे कारोबारियों को कमजोर कर बड़े कॉरपोरेट घरानों को बढ़ावा दे रही हैं। उन्होंने सरकारी स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
मुलायम और अखिलेश सरकार के काम गिनाए
सम्मेलन के आयोजक और समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकारों ने हमेशा व्यापारियों के हितों को प्राथमिकता दी है। पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने व्यापारियों को इंस्पेक्टर राज और चुंगी से राहत दिलाई थी। वहीं अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते व्यापार को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं लागू की गईं और कारोबारियों को बेहतर माहौल देने का काम हुआ।
2027 में सपा सरकार बनाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष पारस नाथ जायसवाल ने की, जबकि संचालन भारत भूषण यादव ने किया। सम्मेलन की शुरुआत महाराजा अग्रसेन, भामाशाह, महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री, डॉ. भीमराव आंबेडकर, डॉ. राममनोहर लोहिया और मुलायम सिंह यादव समेत कई महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्ज्वलित करके हुई।
इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्वांचल प्रभारी विजय जायसवाल, मेरठ मंडल प्रभारी अक्षय जैन अरिहंत, प्रदेश कोषाध्यक्ष अंशुल गुप्ता, वाराणसी के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव उर्फ लक्कड़ पहलवान, महानगर अध्यक्ष दिलीप डे, व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष आलोक प्रकाश गुप्ता और महानगर अध्यक्ष काशी नाथ गुप्ता सहित वाराणसी मंडल के विभिन्न जिलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
सम्मेलन के समापन पर व्यापारियों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से उठाने और उनके समाधान के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया। नेताओं और प्रतिनिधियों ने 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा को प्रचंड बहुमत से जिताने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

