By Malay Ojha | Published: 05 October 2026 at 04:18 PM
बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर दरभंगा में एनडीए ने चुनावी अभियान तेज कर दिया है। भाजपा के सर्वेश कुमार और जेडीयू के डॉ. घनश्याम राय ने सोमवार को नामांकन दाखिल किया। इस दौरान आयोजित नामांकन सह आशीर्वाद सभा में बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत एनडीए के कई नेता, विधायक, विधान पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे।
सभा को संबोधित करते हुए संजय सरावगी ने कार्यकर्ताओं से दोनों प्रत्याशियों की जीत के लिए पूरी ताकत से मैदान में उतरने की अपील की। उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी घटक दल अगर एकजुट होकर चुनाव लड़ें तो दोनों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित की जा सकती है। बिहार विधान परिषद की इन आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है।
‘विकसित भारत’ के संकल्प का किया जिक्र
संजय सरावगी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और बिहार की एनडीए सरकार की योजनाओं को चुनावी मुद्दा बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि देश 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। उनके मुताबिक महिला, युवा, किसान, गरीब और श्रमिक समेत अलग-अलग वर्गों के लिए सरकार ने कई योजनाएं लागू की हैं।
EWS आरक्षण का भी जिक्र
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने ईडब्ल्यूएस आरक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवाओं को उच्च शिक्षण संस्थानों और मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के साथ सरकारी नौकरियों में भी अवसर मिला है। उन्होंने इसे सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
शिक्षा के क्षेत्र में सरकार के काम गिनाए
सरावगी ने बिहार सरकार की शिक्षा से जुड़ी योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रखंड स्तर पर सरस्वती विद्या निकेतन और मॉडल स्कूल की दिशा में काम किया जा रहा है। 700 स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए नीट कोचिंग की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा जिन प्रखंडों में डिग्री कॉलेज नहीं थे, वहां 211 डिग्री कॉलेज खोलने का फैसला लिया गया है।
कई विश्वविद्यालयों का किया जिक्र
उन्होंने कहा कि वित्त रहित शिक्षण संस्थानों के लिए वेतनमान, पटना में माता सीता विश्वविद्यालय, बेगूसराय में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर विश्वविद्यालय और मुजफ्फरपुर में शहीद जुब्बा सहनी विश्वविद्यालय जैसी पहल शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की प्राथमिकता को दिखाती हैं।
पंचायत से गांव तक संपर्क का निर्देश
सरावगी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि मतदान में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। ऐसे में पंचायत, गांव, प्रखंड और विधानसभा स्तर तक मतदाताओं और शिक्षकों से संपर्क बढ़ाया जाए और एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में प्रथम वरीयता का वोट देने की अपील की जाए।
23 अक्टूबर को होगा मतदान
बिहार की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ विधान परिषद सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होगा। नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर और नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 9 अक्टूबर है। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
महागठबंधन पर भी साधा निशाना
संजय सरावगी ने एनडीए को पूरी तरह एकजुट बताते हुए महागठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एनडीए अपने काम और विकास के मुद्दे पर मतदाताओं से समर्थन मांगेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि 23 अक्टूबर के चुनाव में दरभंगा से एनडीए के दोनों प्रत्याशी जीत दर्ज करेंगे।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

