By Malay Ojha | Published: 19 November 2026 at 09:48 AM
नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गाजियाबाद की विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट ने लगातार पेशी पर गैरहाजिर रहने के मामले में सख्त रुख अपनाते हुए उनके घर की कुर्की का आदेश जारी किया है। अदालत ने यह कार्रवाई 17 नवंबर को सुनवाई के दौरान सांसद के पेश नहीं होने पर की।
आरोप तय होने थे, लेकिन कोर्ट नहीं पहुंचे सांसद
यह मामला साल 2018 का है। गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र स्थित वृंदावन गार्डन में एक शादी समारोह के दौरान मारपीट और गाली-गलौज की घटना हुई थी। इस मामले में धर्मेंद्र कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी। चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ इसी मामले में सुनवाई चल रही है।
पहले जारी हो चुका था गैर जमानती वारंट
इससे पहले भी विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट सांसद के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर चुकी थी। अदालत ने 17 नवंबर को उन्हें व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया था। इस तारीख पर मामले में आरोप तय किए जाने थे, लेकिन चंद्रशेखर आजाद अदालत नहीं पहुंचे। उनकी लगातार गैरहाजिरी को देखते हुए कोर्ट ने घर की कुर्की का आदेश दे दिया।
मुंबई की बैठक में शामिल होने का दिया हवाला
बताया जा रहा है कि चंद्रशेखर आजाद मुंबई में संसदीय कार्यसमिति की पहले से निर्धारित बैठक में शामिल होने के कारण अदालत नहीं पहुंच सके। उनके वकील की ओर से पेशी से छूट के लिए हाजिरी माफी का प्रार्थना पत्र भी दाखिल किया गया था। हालांकि, अदालत ने इस मामले में सख्त कार्रवाई का आदेश जारी किया।
8 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई
इस मामले में अब अगली सुनवाई 8 दिसंबर को निर्धारित की गई है। अदालत के कुर्की आदेश के बाद सांसद की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। हालांकि, इस पूरे मामले पर चंद्रशेखर आजाद की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

