By Malay Ojha | Published: 27 August 2026 at 05:47 PM
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर आयोजित ‘खेलो इंडिया संवाद—खेल की बात, पीएम मोदी के साथ’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। गांधी अध्ययन पीठ सभागार में जुटे विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री का संदेश सुना। पीएम मोदी ने युवाओं से नशे और लगातार स्क्रीन देखने वाली जीवनशैली से दूर रहकर खेल और फिटनेस को प्राथमिकता देने की अपील की। देशभर में इस कार्यक्रम से 1,500 से अधिक स्थानों और लाखों युवाओं को जोड़ा गया।
प्रधानमंत्री ने महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए युवाओं को खेल के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को गिरकर फिर उठने और लगातार आगे बढ़ने की सीख देता है। पीएम ने खेल को युवा ऊर्जा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए इसे विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
स्क्रीन से ज्यादा जरूरी है खेल का मैदान
प्रधानमंत्री ने बदलती जीवनशैली पर बात करते हुए युवाओं को स्क्रीन पर ज्यादा समय बिताने से बचने की सलाह दी। उन्होंने खेल और फिटनेस को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। अपने संबोधन में उन्होंने खेल मैदानों को स्क्रीन आधारित मनोरंजन से अधिक महत्व देने की बात कही। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
खेलों से विकसित भारत की राह
कार्यक्रम के दूसरे चरण में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश के विकास में खेलों की भूमिका भी अहम है और युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने में खेल प्रभावी माध्यम बन सकता है।
खेल से बनते हैं अनुशासन और मानवीय गुण
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन के साथ मानवीय गुणों के विकास में भी मदद करते हैं। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत विद्यार्थियों को कौशल के साथ मानवीय मूल्यों से जोड़ने पर जोर दिया। कुलपति ने विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां के विद्यार्थी देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं।
पूनम यादव ने साझा किया संघर्ष
अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन खिलाड़ी और यूथ आइकन पूनम यादव ने विद्यार्थियों के साथ अपने खेल जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने संघर्ष के दौरान मिली चुनौतियों और उनसे आगे बढ़ने के अनुभवों के जरिए युवाओं का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने ‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल पर पंजीकरण भी कराया।
नशामुक्त भारत का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को नशामुक्त भारत तथा विकसित भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और ‘मेरा युवा भारत’ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। संचालन सृजन चतुर्वेदी और डॉ. हंसराज ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन एनएसएस समन्वयक डॉ. राहुल गुप्ता ने किया।
बड़ी संख्या में शिक्षक और विद्यार्थी रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रो. सुधीर शुक्ला, कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय, कुलानुशासक डॉ. अम्बरीश राय, निदेशक एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह समेत विश्वविद्यालय के कई शिक्षक, अधिकारी, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी, स्वयंसेवक, छात्र-छात्राएं और कर्मचारी मौजूद रहे। राष्ट्रीय खेल दिवस से जुड़े इस आयोजन ने विद्यार्थियों के बीच खेल, फिटनेस और युवा भागीदारी को लेकर चर्चा को आगे बढ़ाया।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

