By Malay Ojha | Published: 26 August 2026 at 11:14 AM
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में NCC में शामिल होने का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए जरूरी खबर है। विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित स्नातक प्रथम वर्ष, प्रथम सेमेस्टर के नियमित छात्र-छात्राओं के लिए NCC भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक छात्र-छात्राएं 25 अगस्त से 4 सितंबर 2026 के बीच NCC कार्यालय में संपर्क कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना में साफ किया गया है कि NCC भर्ती में शामिल होने के लिए पहले ऑनलाइन आवेदन करना जरूरी होगा। बिना आवेदन किए छात्र-छात्राओं को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यानी इच्छुक विद्यार्थियों को तय समय सीमा के भीतर आवेदन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
किन छात्रों को मिलेगा मौका?
यह भर्ती मुख्य परिसर में सत्र 2026-27 के विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रथम वर्ष और प्रथम सेमेस्टर में दाखिला लेने वाले नियमित विद्यार्थियों के लिए है। नोटिस में कई स्नातक पाठ्यक्रमों का उल्लेख किया गया है। ऐसे विद्यार्थी, जो NCC में शामिल होना चाहते हैं, निर्धारित अवधि में आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के साथ ये दस्तावेज जरूरी
NCC भर्ती के लिए आवेदन करने वाले छात्र-छात्राओं को अपने साथ प्रथम सेमेस्टर की फीस रसीद (Admission Fee Receipt) और आधार कार्ड की फोटो कॉपी लेकर NCC कार्यालय पहुंचना होगा। विश्वविद्यालय की सूचना के मुताबिक आवेदन प्रक्रिया के लिए इन दस्तावेजों को साथ लाना जरूरी है।
भर्ती की तारीख बाद में होगी जारी
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद NCC भर्ती की तारीख अलग से बताई जाएगी। विश्वविद्यालय ने छात्रों को सलाह दी है कि वे आवेदन की अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय रहते अपनी प्रक्रिया पूरी कर लें। भर्ती से जुड़ी आगे की जानकारी विश्वविद्यालय की ओर से दी जाएगी।
दस्तावेज में गड़बड़ी मिली तो चयन रद्द
नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया है कि भर्ती के किसी भी चरण में, चाहे चयन से पहले हो या चयन के बाद, यदि छात्र की पात्रता या जमा किए गए दस्तावेजों में कोई विसंगति सामने आती है तो उसका अध्ययन/चयन तत्काल निरस्त किया जा सकता है। इसलिए आवेदन करते समय विद्यार्थियों को अपनी जानकारी और दस्तावेजों की सही जानकारी देना जरूरी होगा।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

