By Malay Ojha | Published: 16 September 2026 at 06:24 PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को बिहार में भाजपा का ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पटना, दरभंगा, बेगूसराय समेत कई शहरों में शाम को सामूहिक दीप प्रज्वलन की तैयारी है। यह कार्यक्रम भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत का हिस्सा है, जिसे प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके से भी जोड़ा गया है।
पटना में मुख्यमंत्री करेंगे दीप प्रज्वलित
पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में शाम सात बजे होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दीप प्रज्वलित करेंगे। इसके अलावा मरीन ड्राइव, कच्ची तालाब, कंकड़बाग मेट्रो स्टेशन और अन्य स्थानों पर भी भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कार्यक्रम होंगे।
दरभंगा और सिमरिया में भी कार्यक्रम
दरभंगा स्टेडियम में शाम सात बजे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी दीप प्रज्वलित करेंगे। राज मैदान परिषद में सांसद गोपालजी ठाकुर और संजय सरावगी के शामिल होने की जानकारी दी गई है। बेगूसराय के सिमरिया घाट पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह कार्यक्रम में दीप प्रज्वलित करेंगे।
इन जगहों पर भी जलेंगे दीये
पटना सिटी के बड़ी पटनदेवी मंदिर परिसर में शाम छह बजे विधायक रत्नेश कुशवाहा की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मंदिरी नाला के पास भाजपा युवा मोर्चा की ओर से शाम सात बजे दीप प्रज्वलन होगा। पार्टी की ओर से अलग-अलग जिलों और सार्वजनिक स्थानों पर भी सामूहिक दीप जलाने की तैयारी की गई है। बिहार में बूथ स्तर तक कार्यक्रम ले जाने की जानकारी भी सामने आई है।
घर-घर दीप जलाने की भी अपील
भाजपा ने ‘आशीर्वाद का दीया’ को केवल सार्वजनिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा है। पार्टी की ओर से लोगों से 17 सितंबर की शाम अपने घरों में भी दीप जलाने की अपील की गई है। राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने शाम छह से सात बजे के बीच घरों में दीप जलाने का आह्वान किया है।
सेवा संकल्प अभियान में कई कार्यक्रम
‘आशीर्वाद का दीया’ के साथ भाजपा का ‘सेवा संकल्प अभियान’ भी शुरू होगा। बिहार में यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने की जानकारी पार्टी नेताओं ने दी है। अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, जनसंपर्क, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सेवा से जुड़े दूसरे कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं।
25 साल के सार्वजनिक जीवन को बनाया आधार
भाजपा ने इस अभियान को नरेंद्र मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन से जोड़ा है। पार्टी के मुताबिक, ‘आशीर्वाद का दीया’ के जरिए प्रधानमंत्री के लिए शुभकामनाएं व्यक्त करने के साथ जनभागीदारी का संदेश देने की कोशिश की जाएगी। अभियान में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और आम लोगों की भागीदारी पर भी जोर दिया जा रहा है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

