By Malay Ojha | Published: 18 September 2026 at 07:20 PM
राजद के राष्ट्रीय महासचिव भोला प्रसाद यादव का 64वां जन्मदिन शुक्रवार को पटना स्थित पार्टी के राज्य कार्यालय में मनाया गया। बोर्ड रूम में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने केक काटकर भोला यादव को जन्मदिन की बधाई दी।
कार्यक्रम में केक काटने से पहले प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल और वरिष्ठ नेताओं ने भोला यादव को शॉल और बुके देकर सम्मानित किया। नेताओं ने उनके दीर्घायु होने की कामना की। इसके बाद मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच मिठाइयां बांटी गईं।
कई वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में रहे मौजूद
जन्मदिन कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, प्रदेश राजद के प्रधान महासचिव रणविजय साहू, शक्ति सिंह यादव, प्रो. रामानुज प्रसाद, एजाज अहमद, चितरंजन गगन, सुदय यादव, फैयाज आलम कमाल, मदन शर्मा और हरेंद्र कुशवाहा समेत कई नेता मौजूद रहे। पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
लालू-तेजस्वी समेत नेताओं ने दी शुभकामनाएं
राजद की ओर से बताया गया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव और राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी समेत कई नेताओं ने भोला यादव को जन्मदिन की बधाई दी। नेताओं ने उनके स्वस्थ और लंबे जीवन की कामना की।
भोला यादव बोले- पार्टी की नीतियों को आगे बढ़ाएंगे
जन्मदिन की शुभकामनाओं और सम्मान के लिए भोला यादव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वे सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता की धारा को मजबूत करने के लिए लालू प्रसाद के विचारों और तेजस्वी यादव के काम के साथ पार्टी की नीतियों को आगे बढ़ाने का काम करते रहेंगे। उन्होंने सभी के स्नेह और सम्मान के लिए धन्यवाद दिया।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

