By Malay Ojha | Published: 04 November 2026 at 01:21 PM
वाराणसी में ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते चलन के खिलाफ समाजवादी पार्टी की व्यापार सभा ने बाजारों में उतरकर अभियान शुरू किया है। बुधवार को समाजवादी व्यापार सभा के बैनर तले नीचीबाग से ग्राहक जागरूकता पदयात्रा निकाली गई। इसमें कार्यकर्ताओं ने ऑनलाइन खरीदारी के बजाय स्थानीय दुकानों से सामान खरीदने की अपील की। पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में ‘ऑनलाइन खरीदारी बंद करो, फुटकर दुकानदारों को भी जीने दो’ लिखी तख्तियां थीं।
नीचीबाग से मैदागिन तक दुकानदारों से किया संपर्क
समाजवादी व्यापार सभा की यह पदयात्रा नीचीबाग डाकघर के सामने से शुरू हुई। इसके बाद मैदागिन, मालवीय मार्केट, सप्तसागर, गोविंदपुरा और ठठेरी बाजार सहित आसपास के प्रमुख बाजारों में कार्यकर्ताओं ने भ्रमण किया। इस दौरान व्यापारियों, दुकानदारों और आम लोगों से बातचीत कर स्थानीय बाजारों से खरीदारी करने की अपील की गई।
ऑनलाइन शॉपिंग से छोटे दुकानदारों के कारोबार पर असर
कार्यक्रम में समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि ऑनलाइन खरीदारी का बढ़ता चलन छोटे और फुटकर व्यापारियों के कारोबार को प्रभावित कर रहा है। इसका असर केवल दुकानदारों तक सीमित नहीं है, बल्कि परंपरागत बाजारों से जुड़े लाखों परिवारों की आजीविका भी इससे प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद स्थानीय दुकानदार ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देते हैं और अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान करते हैं।
स्थानीय बाजार में खर्च करने से क्षेत्र में ही रहेगा पैसा
समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं वाराणसी मंडल प्रभारी मुरलीधर जायसवाल ने कहा कि ग्राहक की भूमिका सिर्फ सामान खरीदने तक सीमित नहीं है। वह अपने फैसले से स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी मजबूती दे सकता है। स्थानीय दुकानों से खरीदारी करने पर पैसा क्षेत्र के भीतर ही रहता है। इससे छोटे कारोबारियों के साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं।
छोटे व्यापारियों के समर्थन में अभियान जारी रखने का ऐलान
जिला संगठन प्रभारी राजकुमार यादव ने लोगों से अपील की कि वे ऑनलाइन खरीदारी के साथ अपने आसपास की दुकानों और फुटकर व्यापारियों को भी प्राथमिकता दें। वहीं, महानगर संगठन प्रभारी संजीव जायसवाल ने कहा कि समाजवादी व्यापार सभा छोटे, मध्यम और फुटकर व्यापारियों के हितों, सम्मान और सुरक्षा के लिए आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी आयोजित करने की बात कही।
इन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संभाली जिम्मेदारी
कार्यक्रम का नेतृत्व समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष आलोक प्रकाश गुप्ता और महानगर अध्यक्ष काशी नाथ गुप्ता ने किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल, सपा के प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य मोहम्मद दिलशाद अहमद, प्रदेश सचिव रवि जायसवाल, महानगर संगठन प्रभारी संजीव जायसवाल, गोपाल चौरसिया, धीरज कुमार गुप्ता, मुकेश गुप्ता, रणधीर चौधरी, नवीन सिंह और अरविंद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

