By Malay Ojha | Published: 04 November 2026 at 12:01 AM
उत्तर प्रदेश में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा फैसला लिया है। दीपावली, छठ और देव दीपावली समेत प्रमुख पर्वों को देखते हुए प्रदेश के सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। शासन से लेकर थानों तक तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया है कि त्योहारों के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों के लिए त्योहारों का उल्लास और सुरक्षा सबसे जरूरी है। उत्सव के माहौल को उपद्रव में बदलने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अराजक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जाए।
बाजारों में 24 घंटे पुलिस की निगरानी
धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर प्रदेश के प्रमुख बाजारों और कमर्शियल प्रतिष्ठानों के आसपास सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। यहां 24 घंटे पुलिस निगरानी के साथ सघन पैदल गश्त कराई जाएगी। बाजारों में लगे सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को खुद फील्ड में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया की निगरानी को लेकर भी सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि अफवाह फैलाने, भ्रामक सूचनाएं पोस्ट करने और शरारतपूर्ण बयानबाजी के जरिए माहौल खराब करने वालों पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके लिए सोशल मीडिया पर 24 घंटे नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी तरह की भ्रामक सूचना को समय रहते रोका जा सके।
अयोध्या दीपोत्सव के लिए सुरक्षा का विशेष इंतजाम
अयोध्या में 7 नवंबर को होने वाले भव्य दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन के साथ यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।
रूट डायवर्जन की जानकारी पहले से देने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि यातायात व्यवस्था के लिए रूट डायवर्जन प्लान पहले से तैयार किया जाए और इसकी जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को परेशानी न हो।
बिजली-पानी की आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए
त्योहारों के दौरान प्रदेश में बिजली और पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। खुले स्थानों पर पटाखों की बिक्री की व्यवस्था करने को कहा गया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने पीआरवी-112 को लगातार सक्रिय रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

