By Malay Ojha | Published: 01 November 2026 at 06:44 PM
पटना: बिहार की राजधानी पटना के कदमकुआं में भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान’ के तहत प्रमुख नागरिक गोष्ठी आयोजित की। सुशील कुमार मोदी स्मृति शोध संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता के नेतृत्व में शहर के बुद्धिजीवियों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रमुख लोगों ने हिस्सा लिया। गोष्ठी में SIR को लेकर फैल रही भ्रांतियों, लोकतांत्रिक व्यवस्था और विपक्ष की भूमिका पर चर्चा हुई।
SIR को लेकर लोगों से किया संवाद
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं बिहार के सह प्रभारी रोहन गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करने वालों को जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस समेत विपक्षी दल लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता ऐसे प्रयासों को सफल नहीं होने देगी।
इमरजेंसी की याद दिलाकर कांग्रेस पर निशाना
रोहन गुप्ता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस पार्टी के शासनकाल में देश में इमरजेंसी लागू की गई और लोगों के मौलिक अधिकारों पर पाबंदी लगाई गई, उसे आज लोकतंत्र की बात करने से पहले अपने अतीत को याद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर अपनी आवाज उठानी होगी।
मोदी सरकार के कामकाज का किया जिक्र
भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके मान-सम्मान को बढ़ाने का काम किया है। उनके मुताबिक, भारत आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत देश के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।
संजय गुप्ता बोले- अराजकता के खिलाफ एकजुट हो समाज
कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र की जननी बिहार की धरती से समाज को अराजकता के खिलाफ एकजुट होने का संदेश देना होगा। उन्होंने कांग्रेस पर विदेशी ताकतों के प्रभाव में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी राजनीति को जनता के सामने बेनकाब करना जरूरी है। उन्होंने मजबूत लोकतंत्र के लिए सभी वर्गों से साथ आने की अपील की।
सुशील कुमार मोदी को पुष्पांजलि अर्पित कर हुई शुरुआत
गोष्ठी की शुरुआत पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसमें कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र के डॉक्टर, प्रोफेसर, शिक्षक, अधिवक्ता और खिलाड़ियों के अलावा धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों से जुड़े सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।
कई प्रमुख हस्तियों ने की शिरकत
कार्यक्रम में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सहजानंद प्रसाद सिंह, बिहार के अपर महाधिवक्ता शशि भूषण कुमार, रुबन मेमोरियल हॉस्पिटल के संचालक सत्यजीत सिंह, बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (BIA) के अध्यक्ष रामलाल खेतान, ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहन संगीता और बहन प्रेमा स्नेहा शामिल हुईं।
इसके अलावा मारवाड़ी हेल्थ सोसाइटी के अध्यक्ष राधेश्याम बंसल, बिहार ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अजय नारायण शर्मा, लोकनायक जयप्रकाश नारायण के सहयोगी कुमार अनुपम सिन्हा और पूर्व मुख्य अभियंता अशोक शर्मा समेत कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

